इंटरनेशनल साइबर गिरोह के चार बदमाशों को गिरफ्तार किया है। चारों इंडिया में बैठकर चीन के साइबर ठगों के साथ मिलकर ठगी करते थे। ठगी की रकम को USDT में कन्वर्ट करके विदेशों में भेजते थे। अब तक ये 50 करोड़ रुपए को कन्वर्ट कर चीन भेज चुके हैं। कोटा पुलिस चारों को जोधपुर से पकड़कर लेकर आई है। कोटा शहर एसपी अमृता दुहन ने बताया- साइबर ठगों के खिलाफ ऑपरेशन साइबर शील्ड के तहत चारों को गिरफ्तार किया गया है। इनके मोबाइल से विदेशी नंबर, विदेशी साइबर ठगो को रुपए ट्रांसफर करने की चैट और स्क्रीनशॉट मिले है। जोधपुर के रहने वाले है चारों बदमाश एसपी ने बताया- ऑपरेशन साइबर शील्ड के तहत कोटा से एक टीम जोधपुर पहुंची थी। टीम ने बैंक रिकॉर्ड और तकनीकी साक्ष्य जुटाकर अक्षय कुमार (24 साल) निवासी भगवान महावीर नगर नान्दडी , रामदीन (30) निवासी ग्राम बीनावास तहसील बिलाडा थाना , भोम सिंह (26) निवासी ग्राम रुणकिया तहसील पीपाड सिटी, राकेश (25) गांव गुजरावास खुर्द बनाड रोड को गिरफ्तार किया है। सभी जोधपुर जिले के ही रहने वाले है। चारों के खिलाफ साइबर थाना कोटा शहर में मामला दर्ज है। वाट्सऐप और टेलीग्राम पर मिले विदेशी नंबर एसपी ने बताया- चारों मिलकर चीन में बैठे साइबर ठगों के साथ गिरोह बनाकर भारतीय लोगों से ठगी करते थे। ठगी की रकम को अन्य खातों में ट्रांसफर करवाया जाता था। इसके बाद USDT खरीदकर अपना कमीशन काटकर अंतर्राष्ट्रीय साइबर ठगों को क्रिप्टो करेंसी USDT चीन में भेज रहे थे। चारों के मोबाइल को जब्त किया गया है। इनके वाट्सऐप और टेलीग्राम पर विदेशी नंबर पर वैट मिली है। भारतीय बैंक खातों में राशि डलवाने और राशि के बदले में USDT विदेशी साइबर ठगों को ट्रांसफर करने की चैट व स्क्रीनशॉट भी मिले है। चारों चीन में बैठे साइबर ठगों से मिलकर काम कर रहे थे। पुलिस टीम में ये थे शामिल बदमाशों को जोधपुर पकड़ने गई कोटा पुलिस की टीम में विनोद कुमार आरपीएस थानाधिकारी साइबर थाना कोटा, सतीश चंद पुलिस निरीक्षक,अशोक हेड कॉन्स्टेबल सुरेन्द्र सिंह, वजीर सिंह, विकास और जितेन्द्र शामिल थे।


