ओरछा पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए मकर संक्रांति के दिन श्रीराम राजा सरकार मंदिर से चोरी हुई बाइक को 48 घंटों में बरामद कर लिया है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की मदद से चोर को गिरफ्तार किया है। घटना 14 जनवरी 2025 की है। जब झांसी के ग्राम डंगरवाहा निवासी राजेंद्र राय अपने भाई अंकुश के साथ मकर संक्रांति पर मंदिर दर्शन के लिए आए थे। दर्शन के दौरान उनकी 70 हजार रुपए की बाइक मंदिर के पीछे से चोरी हो गई। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई शुरू की। पुलिस टीम ने आसपास के करीब 50 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और चोर की पहचान कर ली। जांच में चोर झांसी के प्रेमनगर थाना क्षेत्र के ग्राम सैय्यर का 25 वर्षीय अनिल अहिरवार निकला। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर चोरी की बाइक बरामद कर ली। इस सफल कार्रवाई में थाना प्रभारी रामबाबू शर्मा के नेतृत्व में उप निरीक्षक केसी परते, आरक्षक मनीष दुबे, बृजेश राय और राजेश दांगी की टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।


