नांदगांव ने कवर्धा को शूट आउट में 3-1 से हराया

भास्कर न्यूज | राजनांदगांव छत्तीसगढ़ हॉकी से मान्यता प्राप्त जिला हॉकी संघ कवर्धा ने राज्य स्तरीय रात्रिकालीन 7-A साइड हॉकी प्रतियोगिता 25 से 28 दिसंबर तक कराई। जिसमें जिला हॉकी संघ राजनांदगांव ने संकल्प अकादमी कवर्धा को शूटआउट में 4-1 गोल से पराजित कर राज्य स्तरीय फ्लड लाइट प्रतियोगिता का खिताब अपने नाम किया। दोनों ही टीमों के मध्य बड़ा ही रोमांचक मैच दर्शकों को देखने को मिला। निर्धारित समय तक दोनों ही टीम 2-2 गोल की बराबरी पर रही और इस मैच का फैसला शूटआउट पद्धति से किया गया, जिसमें राजनांदगांव ने संकल्प अकादमी कवर्धा को 4-1 गोल से पराजित कर फाइनल का खिताब अपने नाम किया। कबीरधाम जिले में 7ए साइड फ्लड लाइट राज्य स्तरीय हॉकी प्रतियोगिता हुई। जिसमें राज्य से संबंधित 8 टीमों ने भाग लिया था। जिला हॉकी संघ ने पूर्व में खेले गए मैचों में स्पोर्ट्स हॉकी अकादमी रायपुर को 5-1 गोल से पराजित किया था। जिला हॉकी संघ की ओर से खुशाल यादव ने 2 गोल, संदीप ठाकुर, शकील अहमद और सोनू निषाद ने 1-1 गोल किए। राजनांदगांव का दूसरा मैच जिला हॉकी कवर्धा के साथ खेला गया। जिसमें जिला हॉकी संघ राजनांदगांव ने कवर्धा को 2-1 गोल से पराजित कर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। सेमीफाइनल में उनकी भिड़ंत हॉकी दुर्ग के साथ हुई। इस रोमांचक मुकाबले में दोनों ही टीम एक दूसरे के गोल पोस्ट में गोल करती रही। मैच के मध्यांतर तक दोनों ही टीम 2-2 गोल की बराबरी पर रही। वहीं मैच के मध्यांतर के राजनांदगांव की टीम ने अपने खेल प्रदर्शन में बदलाव करते हुए मैच के अंतिम समय 3 गोल किया। दुर्ग ने 2 गोल और किए किंतु मैच को राजनांदगांव ने दुर्ग को 5-4 गोल से पराजित कर फाइनल में प्रवेश किया। फाइनल मुकाबले में संकल्प अकादमी कवर्धा को पराजित कर विजयी रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *