भास्कर न्यूज | बैकुंठपुर कोरिया जिला मुख्यालय के मिनी स्टेडियम स्कूलपारा में बीते एक सप्ताह से चल रहे रतन टाटा मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट का समापन हुआ। रिद्धि सिद्धि शिक्षण संस्थान समिति द्वारा आयोजित इस प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में सेजस महलपारा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताबी जीत दर्ज की। टूर्नामेंट में क्षेत्र की कुल 17 टीमों ने हिस्सा लेकर खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। टूर्नामेंट का निर्णायक मुकाबला सेजस महलपारा और सेंट जोसफ स्कूल के बीच खेला गया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी सेजस महलपारा की टीम ने निर्धारित ओवरों में 120 रनों का स्कोर खड़ा किया। जवाब में उतरी सेंट जोसफ स्कूल की टीम ने लक्ष्य का पीछा करने की भरपूर कोशिश की, लेकिन महलपारा की सटीक गेंदबाजी के सामने वे 102 रन ही बना सके। सेजस महलपारा ने 18 रनों से मैच जीतकर ट्रॉफी पर कब्जा कर लिया। विजेता सेजस महलपारा को ट्रॉफी और 11,000 रुपए नकद, उपविजेता सेंट जोसफ स्कूल को ट्रॉफी और 5,500 रुपए नकद इनाम दिया गया। सेंट जोसफ स्कूल के नितेश पांडे को टूर्नामेंट में सर्वाधिक रन बनाने के लिए ऑरेंज कैप और 1,100 रुपए दिए गए। सेजस महलपारा के सिद्धार्थ को सबसे अधिक विकेट लेने पर पर्पल कैप और 1,100 रुपए का पुरस्कार मिला। रिद्धि सिद्धि शिक्षण संस्थान समिति के अध्यक्ष अरविंद कुमार ने कहा कि इस टूर्नामेंट का उद्देश्य ग्रामीण और शहरी युवाओं को एक ऐसा मंच प्रदान करना है, जहां वे अपनी प्रतिभा निखार सकें।


