सीएम डॉ. मोहन यादव ने सोमवार को कहा कि उज्जैन आने वाले श्रद्धालु बाबा महाकाल द्वारा आमंत्रित अतिथि हैं। इसलिए उनके सत्कार से जुड़ी व्यवस्था में संवेदना और आत्मीयता भी होनी चाहिए। सीएम मोहन यादव ने नानाखेड़ा स्टेडियम में 129 करोड़ लागत के 12 विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया। इस दौरान सीएम ने कहा कि भविष्य में इंदौर-उज्जैन के बीच मेट्रो चलेगी, लेकिन इससे पहले वंदे भारत ट्रेन की सौगात उज्जैन को मिलेगी। उज्जैन के मुख्य स्टेशन के रूप में चिंतामण गणेश स्टेशन को विकसित किया जा रहा है। मोहनपुरा में भी एक नया रेलवे स्टेशन बनेगा। सिंहस्थ के दौरान क्राउड मैनेजमेंट के लिए यह जरूरी है। सिंहस्थ के लिए अब तक 2675 करोड़ लागत से 33 प्रमुख काम मंजूर किए गए हैं।


