कुन्हाड़ी इलाके में लिव-इन में रह रहे युवक की मौत:परिजनों ने उठाए सवाल, पुलिस पोस्टमार्टम करवा कर जांच में जुटी

कोटा शहर के कुन्हाड़ी थाना क्षेत्र में लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहे एक युवक की संदिग्ध हालात में मौत का मामला सामने आया है। पुलिस ने युवक के शव को एमबीएस अस्पताल के पोस्टमार्टम रूम में शिफ्ट करवाया वहीं परिजन भी देर रात कोटा पहुंचे। परिजनों ने पूरे प्रकरण को संदिग्ध बताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है। कुन्हाड़ी थाने के हेड कांस्टेबल ने बताया कि 31 वर्षीय शुभम तिवारी को सोमवार सुबह अस्पताल लाया गया था, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शव को मोर्चरी में रखवाकर परिजनों को सूचना दी गई। पुलिस का कहना है कि परिजन जो भी शिकायत दर्ज कराएंगे, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस जांच में सामने आया है कि शुभम तिवारी मूल रूप से उत्तर प्रदेश के इटावा जिले का रहने वाला था और पिछले कई वर्षों से कोटा के कुन्हाड़ी क्षेत्र की बालिता रोड स्थित एक मल्टीस्टोरी में चंडीगढ़ की रहने वाली 45 वर्षीय महिला के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहा था। महिला ने पुलिस को बताया कि रविवार रात खाना खाने के बाद दोनों सो गए थे, लेकिन सुबह शुभम की अचानक तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद उसे अस्पताल ले जाया गया। मृतक के पिता महेश कुमार तिवारी ने आरोप लगाते हुए बताया कि कि शुभम और महिला के बीच अक्सर झगड़े होते थे। सोमवार तड़के महिला ने फोन कर मौत की सूचना दी, जिसके बाद वे कोटा पहुंचे। परिजनों ने महिला की भूमिका को संदिग्ध बताते हुए जांच की मांग की है। शुभम पहले अपनी पत्नी और एक बेटी के साथ 2017 से रह रहा था। 2022 में उसकी पत्नी यहां से चली गई थी उसका डिवोर्स का केस चल रहा है। उसके बाद यह महिला के साथ रह रहा था।पुलिस का कहना है कि मौत के कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *