सर्दी के चलते अजमेर समेत 7-जिलों के स्कूलों में छुट्‌टी:कोहरे के कारण जीप-ट्रक में टक्कर, 2 युवकों की मौत; जयपुर-अजमेर हाईवे पर बस डिवाइडर पर चढ़ी

राजस्थान में तेज सर्दी के चलते 7 जिलों के स्कूलों में छुट्‌टी कर दी गई है। अजमेर-झालावाड़ में सरकारी और प्राइवेट स्कूलों में पहली से आठवीं कक्षा तक के बच्चों की 18 जनवरी तक छुट्‌टी कर दी। टीचर्स पर ये आदेश लागू नहीं है। उन्हें स्कूल जाना होगा। क्लास 9 से 12 तक की कक्षाएं संचालित होती रहेंगी। इधर, 18 जनवरी को फिर से जयपुर, कोटा संभाग के जिलों में बादल छाने और कहीं-कहीं बारिश होने की संभावना जताई गई है। कोटा जिले में पहली से पांचवीं क्लास तक के बच्चों की 18 जनवरी तक छुट्टी की गई है। कक्षा 6 से 12वीं तक की क्लास का समय सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक रहेगा। कलेक्टर रविन्द्र गोस्वामी ने इसका आदेश जारी किया।खैरथल-तिजारा कलेक्टर किशोर कुमार ने कक्षा 1 से 5 तक के बच्चों की 18 जनवरी तक छुट्टी की घोषणा की है। डीग जिले के सभी सरकारी और प्राइवेट स्कूलों में कलेक्टर उत्सव कौशल ने पहली से 8वीं क्लास तक के बच्चों की 18 जनवरी तक छुट्टी कर दी। चित्तौड़गढ़ जिले में बारिश और सर्दी के अलर्ट को देखते हुए कलेक्टर आलोक रंजन ने कक्षा एक से 8 तक के स्टूडेंट्स की 17 जनवरी की छुट्‌टी घोषित कर दी है। करौली में 8 वीं क्लास तक के स्टूडेंट्स की 17 जनवरी को छुट्‌टी रहेगी। कलेक्टर नीलाभ सक्सेना ने आदेश जारी किए। कक्षा 9 से 10वीं तक के छात्र-छात्राओं को सुबह 10 बजे बाद स्कूल बुलाने के निर्देश दिए गए हैं। कोहरे के चलते जीप-ट्रक भिड़े, दो की मौत
वहीं घने कोहरे के कारण हनुमानगढ़ में जीप-ट्रक की टक्कर हो गई। इसमें जीप सवार 2 युवकों की मौत हो गई, जबकि 2 व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। दोनों को हायर सेंटर रेफर किया गया है। हादसा बुधवार (कल) रात करीब साढ़े दस बजे हनुमानगढ़ के फेफना इलाके में भादरा-नोहर मार्ग पर हुआ। दूसरी ओर, किशनगढ़ (अजमेर) में जयपुर-अजमेर हाईवे पर गुरुवार सुबह कोहरे के कारण रोडवेज बस डिवाइडर पर चढ़ गई। राजस्थान में वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के कारण जयपुर, अजमेर, भरतपुर संभाग के जिलों में बुधवार को हुई बारिश के बाद सर्दी तेज हो गई। जयपुर, धौलपुर, अलवर में दिन का अधिकतम तापमान 5 से लेकर 9 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया। अजमेर, भीलवाड़ा समेत कुछ शहरों में कल अधिकतम तापमान सामान्य से 6 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज हुआ। बांदीकुई (दौसा) में बुधवार रात 8 बजे से गुरुवार सुबह 4 बजे तक तीन बार बारिश हुई। न्यूनतम तापमान 10°C तक दर्ज किया गया है। गुरुवार सुबह कोहरा नहीं होने से लोगों को थोड़ी राहत मिली। सुबह तक रिमझिम बारिश का दौर जारी रहा
भरतपुर जिले में बुधवार देर रात से बारिश का दौर जारी रहा। गुरुवार सुबह भी रिमझिम बारिश होती रही। बारिश होने से कोहरा हट गया है। नदबई, बयाना, रुदावल, रूपवास इलाके में बादल छाए हुए हैं। हल्की बारिश के साथ ठंडी हवाएं भी चल रही हैं। कोहरे के कारण जयपुर-अजमेर हाईवे पर रोडवेज बस दुर्घटनाग्रस्त
किशनगढ़ (अजमेर) में गुरुवार सुबह घना कोहरा रहा। जयपुर-अजमेर हाईवे पर महादेव होटल कट के पास सुबह करीब 9:15 बजे जोधपुर से जयपुर के बीच चलने वाली रोडवेज बस (आरजे 36 पीए 3549) डिवाइडर पर चढ़ गई। हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ। नेशनल हाईवे की क्रेन मौके पर पहुंची और बस को डिवाइडर से नीचे उतारा। सबसे ठंडा धौलपुर रहा
पिछले 24 घंटे के दौरान अजमेर, भीलवाड़ा, अलवर, जयपुर, पिलानी, कोटा, चित्तौड़गढ़, धौलपुर, बारां, हनुमानगढ़, सिरोही, करौली, माउंट आबू और दौसा जिलों में दिन का अधिकतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस से भी नीचे दर्ज हुआ। सबसे ठंडा दिन कल (बुधवार) धौलपुर जिले में रहा। यहां दिन का अधिकतम तापमान 13.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। जयपुर में एक घंटे में 5.2 मिमी बारिश
जयपुर में कल पूरे दिन आसमान में बादल छाए और दिन में कई जगह हल्की से तेज बारिश हुई। जयपुर में कल सुबह 8 से शाम 5 बजे तक 5.2MM बारिश दर्ज हुई। बारिश से पहले और बारिश के बाद हल्की सर्द हवाएं चलने से गलन और ठिठुरन बढ़ गई। बादल और कोहरा छाने से दिन हुए ठंडे
राजस्थान में कल जयपुर, अजमेर और भरतपुर संभाग के अलावा कोटा संभाग के कुछ जिलों में बादल छाए रहे। बीकानेर, जोधपुर, उदयपुर संभाग के जिलों में कोहरा छाया रहा। इससे कल प्रदेश के सभी शहरों में दिन ठंडे रहे। जोधपुर में कल दिन का अधिकतम तापमान 23.2 डिग्री सेल्सियस, बाड़मेर में 24.6, बीकानेर में 21, जैसलमेर में 21.7, कोटा में 17.7, चूरू में 20.5, अजमेर में 16.9 और गंगानगर में 21.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। माउंट से भी ज्यादा सीकर, पिलानी, हनुमानगढ़ में ठंडी रात
राजस्थान में कल हिल स्टेशन माउंट आबू से भी ज्यादा ठंडा सीकर, पिलानी और हनुमानगढ़ जिला रहा। इन तीन शहरों का कल न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज हुआ। सबसे ठंडा शहर कल हनुमानगढ़ रहा, जहां का न्यूनतम तापमान 3.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। सीकर में न्यूनतम तापमान 4.2 और पिलानी में 4.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। माउंट में कल न्यूनतम तापमान 5.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। 18 जनवरी को बादल छाने की संभावना

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *