भास्कर न्यूज | बैकुंठपुर जिले में पड़ रही भीषण ठंड और शीतलहर को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने ग्रामीण अंचलों में मोर्चा संभाल लिया है। ग्रामीणों, विशेषकर बुजुर्गों और बच्चों को इलाज के लिए भटकना न पड़े, इसके लिए आयुष विभाग द्वारा हाट-बाजारों और दूरस्थ गांवों में विशेष स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। कोरिया जिले के खंदौरा हाट बाजार में आयोजित शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीण अपनी जांच कराने पहुंचे। इस दौरान आयुर्वेद और यूनानी पद्धतियों से मरीजों का इलाज किया गया। इस दौरान आयुर्वेद चिकित्सकों ने 87 मरीजों, यूनानी चिकित्सकों ने 52 मरीजों की जांच कर दवा दी गई। वहीं, दूरस्थ ग्राम इंद्रपुर में भी शिविर लगाकर 49 मरीजों का परीक्षण किया गया। आयुर्वेद चिकित्सा अधिकारी डॉ. आर.एस. यादव ने बताया कि ठंड के कारण सर्दी-जुकाम के मरीज बढ़ रहे हैं।


