कटनी में बच्चे को उठा ले गया तेंदुआ:दोस्तों के साथ खेल रहा था, वन विभाग की टीम कर रही तलाश

कटनी जिले की विजयराघवगढ़ तहसील के ग्राम घुनौर में मंगलवार दोपहर एक तेंदुए ने 10 साल बालक पर हमला कर उसे उठा लिया। तेंदुआ बालक को अपने जबड़े में दबाकर घने जंगल की ओर ले गया। इस घटना के बाद से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। ग्रामीणों के ढूंढने पर बच्चे का शव आगे झाड़ियों में मिला। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोपहर के समय बालक गांव की सीमा से लगी बस्ती के पास अन्य बच्चों के साथ खेल रहा था। इसी दौरान झाड़ियों में छिपे तेंदुए ने अचानक उस पर हमला कर दिया। इससे पहले कि कोई कुछ समझ पाता या बालक को बचाने का प्रयास करता, तेंदुआ उसे लेकर जंगल की ओर भाग गया। बच्चों के शोर मचाने पर ग्रामीण लाठी-डंडे लेकर जंगल की ओर दौड़े, लेकिन तेंदुए का पता नहीं चल सका पर बच्चे का शव मिल गया। घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। वन परिक्षेत्राधिकारी के नेतृत्व में तत्काल घेराबंदी कर सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया। घने जंगल और झाड़ियों में तेंदुए की लोकेशन का पता लगाने के लिए ड्रोन कैमरों का उपयोग किया जा रहा है। विशेषज्ञों की टीम तेंदुए के पदचिह्नों के आधार पर उसकी दिशा का पता लगाने में जुटी है। ग्रामीणों की मांग के बाद तेंदुए को पकड़ने के लिए क्षेत्र में पिंजरा लगाने की कवायद भी शुरू कर दी गई है। घटना के बाद घुनौर समेत आसपास के गांवों में ग्रामीणों में आक्रोश है। ग्रामीणों का आरोप है कि पिछले कई दिनों से क्षेत्र में तेंदुए की सक्रियता देखी जा रही थी, जिसकी सूचना वन विभाग को दी गई थी। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते गश्त बढ़ाई जाती या तेंदुए को पकड़ने के प्रयास किए जाते, तो यह घटना टाली जा सकती थी। पीड़ित परिवार ने दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई और उचित मुआवजे की मांग की है। हमारी टीम लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही है। वन विभाग पीड़ित परिवार के साथ है और नियमों के अनुसार तत्काल सहायता राशि प्रदान करने की प्रक्रिया की जा रही है। तेंदुए को पकड़ने के लिए हर संभव संसाधन जुटाए जा रहे हैं।”गौरव शर्मा डीएफओ कटनी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *