दतिया में घायल मिली युवती से दुष्कर्म हुआ था:अज्ञात पर केस, चार टीमें जांच में जुटीं; मोहना हनुमान मंदिर के पास हुई घटना

दतिया में मोहना हनुमान मंदिर के पास जंगल में घायल अवस्था में मिली युवती के मामले में कोतवाली पुलिस ने मंगलवार को दुष्कर्म का प्रकरण दर्ज कर लिया है। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पीड़िता का जिला अस्पताल में उपचार जारी है। एसडीओपी आकांक्षा जैन ने बताया कि पीड़िता के बयान के आधार पर दुष्कर्म का अपराध दर्ज किया गया है। युवती ने पुलिस को बताया कि एक अज्ञात व्यक्ति उसे बाइक से पीतांबरा माता के दर्शन कराने की बात कहकर अपने साथ जंगल में ले गया, जहां उसके साथ मारपीट कर दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया गया। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने शहर के विभिन्न स्थानों के सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं। साथ ही मुखबिर तंत्र को सक्रिय कर चार अलग-अलग पुलिस टीमों का गठन किया गया है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। रविवार शाम से थी लापता
कोतवाली थाना क्षेत्र की रहने वाली 26 वर्षीय अविवाहित युवती (मानसिक रूप से कमजोर है) रविवार शाम करीब सात बजे रिंग रोड स्थित गुर्जा हनुमान मंदिर पर दर्शन करने के लिए घर से निकली थी, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटी। परिजनों ने आसपास तलाश की, लेकिन जब युवती का कोई सुराग नहीं मिला तो रात करीब 11 बजे कोतवाली थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई गई। सोमवार सुबह घायल अवस्था में मिली
सोमवार सुबह घने कोहरे के बीच परिजन युवती की तलाश करते हुए भांडेर रोड पर स्थित मोहना हनुमान मंदिर के आगे पहुंचे, जहां भुता के जंगल के बाहर सड़क किनारे युवती घायल अवस्था में बैठी मिली। उसके चेहरे और शरीर पर कई जगह गहरे चोट के निशान पाए गए। युवती को तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली और सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जिस स्थान पर युवती मिली, वहां से करीब एक किलोमीटर अंदर तक जंगल में सघन सर्चिंग अभियान चलाया गया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *