शराब ठेकेदार की बोलेरो से आदिवासी युवक की मौत:सतना में अवैध शराब पैकारी का करता था विरोध; भाई बोला- हादसा नहीं, हत्या है

सतना जिले के कोटर थाना क्षेत्र के अबेर गांव में अवैध शराब पैकारी का विरोध कर रहे एक आदिवासी युवक की देर रात बोलेरो वाहन से कुचलकर मौत हो गई। परिजनों और ग्रामीणों ने इसे सड़क हादसा नहीं बल्कि सुनियोजित हत्या बताया है। घटना के बाद गांव में भारी आक्रोश फैल गया और परिजनों ने शव सड़क पर रखकर चक्काजाम कर दिया। बोलेरो की टक्कर से मौके पर मौत हुई घटना सोमवार रात करीब 9 बजे की है। जानकारी के अनुसार वीरेंद्र आदिवासी शराब वेयरहाउस के पास मौजूद था, तभी तेज रफ्तार बोलेरो वाहन ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वीरेंद्र की मौके पर ही मौत हो गई। आरोप है कि टक्कर के बाद वाहन को रिवर्स कर दोबारा वीरेंद्र के ऊपर चढ़ाया गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने पर कोटर थाना पुलिस मौके पर पहुंची, शव को कब्जे में लेकर पंचनामा किया और पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। मृतक अवैध शराब पैकारी का करता था विरोध मृतक की पहचान वीरेंद्र आदिवासी, पिता राधे आदिवासी के रूप में हुई है। मृतक के भाई योगेंद्र आदिवासी ने बताया कि वीरेंद्र लंबे समय से इलाके में चल रही अवैध शराब पैकारी का विरोध कर रहा था। इसी बात को लेकर उसका शराब ठेकेदार और उसके लोगों से विवाद चल रहा था। योगेंद्र ने आरोप लगाया कि यह कोई सामान्य दुर्घटना नहीं बल्कि साजिश के तहत की गई हत्या है। शराब ठेकेदार के गुर्गों ने जानबूझकर बोलेरो चढ़ाकर उसके भाई की जान ली। बोलेरो शराब दुकान की बताई जा रही स्थानीय लोगों ने बताया कि बोलेरो वाहन कोटर की अंग्रेजी शराब दुकान से जुड़ा हुआ है। आरोप है कि रोज रात बोलेरो से ग्रामीण इलाकों में अवैध शराब सप्लाई की जाती है। घटना की रात भी शराब देकर लौटते समय विवाद हुआ और इसी दौरान वीरेंद्र को वाहन से कुचल दिया गया। ग्रामीणों का कहना है कि अबेर गांव की आदिवासी बस्ती में भी इसी तरह अवैध शराब पहुंचाई जाती थी, जिसका वीरेंद्र लगातार विरोध करता था। शव रखकर प्रदर्शन, 3 घंटे तक जाम घटना से नाराज परिजनों और ग्रामीणों ने मंगलवार को शव सड़क पर रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। सतना-सेमरिया मार्ग पर करीब 3 घंटे तक जाम की स्थिति बनी रही। स्थिति को संभालने के लिए डीएसपी हेडक्वार्टर सहित कोटर, जैतवारा, रामपुर बघेलान, सभापुर थानों का पुलिस बल मौके पर तैनात किया गया। काफी समझाइश के बाद आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के आश्वासन पर परिजन माने और शव अंतिम संस्कार के लिए ले गए। यातायात किया गया डायवर्ट चक्काजाम के चलते सतना-सेमरिया मार्ग पर यातायात प्रभावित रहा। वाहनों को कोटर से तिहाई और लखनवाह होते हुए सेमरिया की ओर डायवर्ट किया गया। पुलिस बोली– हर एंगल से जांच की जा रही है कोटर थाना प्रभारी ने बताया कि बोलेरो वाहन की पहचान कर ली गई है। चालक समेत वाहन में मौजूद लोगों की तलाश के लिए पुलिस की टीमें लगाई गई हैं। मामले की जांच हर पहलू से की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इकलौता कमाने वाला था मृतक ग्रामीणों के अनुसार वीरेंद्र मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करता था और घर का इकलौता कमाने वाला था। उसके माता-पिता बुजुर्ग हैं और छोटे-छोटे बच्चे हैं। परिजनों ने प्रशासन से 50 लाख रुपए मुआवजा और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *