सीधी के छत्रसाल स्टेडियम में सरकारी संपत्ति के साथ तोड़फोड़ और चबूतरा चोरी होने की घटना सामने आई है। स्थानीय लोगों की शिकायत पर नगर पालिका ने कोतवाली थाने में आवेदन तो दिया, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। घटना के विरोध में मंगलवार को एनएसयूआई (NSUI) के प्रदेश सचिव विक्रांत सिंह नगर पालिका दफ्तर पहुंचे। उन्होंने वहां अपनी बात रखते हुए कहा कि स्टेडियम में सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाना एक गंभीर मामला है। उन्होंने दोषियों पर तुरंत एक्शन लेने की मांग की और कहा कि बिना इजाजत स्टेडियम में काम करवाना गलत है। सांसद के बेटे पर लगाए गए आरोप विक्रांत सिंह ने इस मामले में सीधे तौर पर सीधी सांसद डॉ. राजेश मिश्रा के बेटे डॉ. अनूप मिश्रा का नाम लिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि आने वाले ‘चैलेंज कप’ क्रिकेट मैच की आड़ में स्टेडियम की पुताई और घेराबंदी जैसा काम बिना अनुमति के कराया जा रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि बड़े नेता का हाथ होने के कारण ही जिम्मेदार अधिकारी कार्रवाई करने से बच रहे हैं। नगर पालिका का पक्ष नगर पालिका ने यह बात मानी है कि छत्रसाल स्टेडियम में किसी भी तरह की तोड़फोड़ या नया काम करने के लिए उनकी तरफ से कोई मंजूरी नहीं दी गई थी। अधिकारियों ने स्वीकार किया कि बिना परमिशन के वहां छेड़छाड़ हुई है, फिर भी अब तक किसी पर मामला दर्ज नहीं किया गया है।


