किसान बोला-मेरे खेत में अवैध रूप से हो रहा पत्थर-खनन:’रोकने गए तो पीटा, पुलिस नहीं कर रही कार्रवाई’; अब SP से लगाई गुहार

पुलिस थाना रानीवाड़ा में दर्ज सीआर नम्बर 254/2025 के प्रकरण में आरोपियों की अब तक गिरफ्तारी नहीं होने को लेकर पीड़ित ने निष्पक्ष जांच की मांग की है। पीड़ित रतनाराम पुत्र समेलाराम, जाति भील, निवासी गोलवाड़ा तहसील रानीवाड़ा ने आरोप लगाया है कि प्रभावशाली व धनबल वाले आरोपियों को पुलिस संरक्षण प्राप्त है, जिसके चलते जांच में ढिलाई बरती जा रही है। पीड़ित ने बताया कि उसकी पुश्तैनी खातेदारी भूमि मौजा गोलवाड़ा की सरहद में स्थित खसरा नम्बर 807/355 रकबा 0.72 हेक्टेयर है। 10 दिसम्बर 2025 को सुबह करीब 8 बजे वह अपने साथियों के साथ मौके पर पहुंचा तो देखा कि जालेरा खुर्द व राजूराम पुत्र वेलाराम चौधरी व अन्य लोग क्रेशर मशीन व डंपर के माध्यम से अवैध रूप से पत्थर खनन कर चोरी कर रहे थे। विरोध करने पर आरोपियों ने जाति सूचक शब्दों से अपमानित किया धक्का-मुक्की की। जिस पर पीड़ित ने 11 दिसंबर को रानीवाड़ा थाने में एसीएसटी का मामला दर्ज कराया। पीड़ित का आरोप है कि आरोपियों की राजनीतिक पहुंच व प्रभाव के चलते अब तक गिरफ्तारी नहीं की गई है, जिससे उनके हौसले बुलंद हैं। आरोपियों द्वारा पीड़ित व गवाहों को समझौते का दबाव बनाया जा रहा है और जान-माल व भूमि पर कब्जे का खतरा बना हुआ है। पीड़ित ने उच्च अधिकारियों से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार किया जाए। साथ ही यदि वर्तमान अनुसंधान अधिकारी निष्पक्ष जांच करने में असमर्थ हैं तो प्रकरण की जांच अन्य अधिकारी से कराने की मांग की हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *