दतिया में गोदन थाना अंतर्गत इंदरगढ़-पंडोखर रोड पर ग्राम उड़ीना के पास मंगलवार सुबह मिट्टी से भरे एक डंपर में अचानक शॉर्ट सर्किट के कारण आग लग गई। आग लगते ही डंपर चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए वाहन को सड़क किनारे खड़ा कर दिया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। हालांकि इसी दौरान पीछे से आ रहे एक ट्रक के टकराने से ट्रक चालक को मामूली चोटें आई हैं। घटना की सूचना मिलते ही इंदरगढ़ फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। समय पर आग बुझाए जाने से डंपर पूरी तरह जलने से बच गया। जानकारी के अनुसार शांति कंस्ट्रक्शन का यह डंपर चालक शीतल सिंह पिता देवेंद्र सिंह चला रहा था। डंपर मिट्टी भरकर सड़क निर्माण कार्य के लिए जा रहा था, इसी दौरान वाहन में शॉर्ट सर्किट हुआ और आग भड़क उठी। आग लगते ही चालक व सहचालक ने कूदकर अपनी जान बचाई। घटना के समय सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल रहा, लेकिन फायर ब्रिगेड और स्थानीय लोगों की मदद से स्थिति को जल्द ही सामान्य कर लिया गया।


