राजधानी रायपुर के VIP रोड इलाके में पुराने नाले को पाटकर उसकी दिशा बदलने का मामला सामने आया है। शुक्रवार को रायपुर नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी ने मौके पर पहुंचकर स्थल निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने आरोप लगाया कि यह काम नगर निगम प्रशासन की जानकारी और सहमति के बिना संभव नहीं है। निरीक्षण में सामने आया कि VIP रोड से होकर वर्षों से बह रहा पुराना बड़ा नाला और उससे लगी सरकारी जमीन मिट्टी डालकर भर दी गई है। स्थानीय निवासियों ने बताया कि इसी स्थान पर पहले सरकारी डबरी थी, जिसका उपयोग आसपास के लोग और पशुपालक करते थे। डबरी के साथ बहने वाला नाला अब पूरी तरह बंद कर दिया गया है। स्थानीय लोगों की शिकायत: बदली गई नाले की दिशा स्थानीय निवासियों के मुताबिक, पिछले कई दिनों से यहां भारी मात्रा में मिट्टी डाली जा रही है, जिससे नाले की प्राकृतिक दिशा बदल दी गई। लोगों ने आशंका जताई कि इससे बारिश के दौरान जलभराव और आसपास के इलाकों में नुकसान की स्थिति बन सकती है। नेता प्रतिपक्ष ने उठाए सवाल स्थल निरीक्षण के बाद आकाश तिवारी ने कहा कि राजधानी में नगर निगम की निगरानी में इतना बड़ा बदलाव होना गंभीर सवाल खड़े करता है। यदि प्रशासन को इसकी जानकारी नहीं थी, तो यह लापरवाही है और यदि थी, तो यह मिलीभगत का मामला है। उन्होंने यह भी कहा कि रातों-रात नाले की दिशा बदलना भू-माफिया के संरक्षण के बिना संभव नहीं है। आयुक्त को सौंपी शिकायत, जांच की मांग आकाश तिवारी ने इस पूरे मामले की लिखित जानकारी नगर निगम आयुक्त को दी। साथ ही उन्होंने कहा कि जांच में जो भी दोषी पाया जाए—चाहे अधिकारी हों या निजी लोग—उन पर कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए। फिलहाल नगर निगम प्रशासन की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।


