भिंड से कुरथरा गांव को जोड़ने वाले मार्ग पर अतिक्रमण को लेकर ग्रामीणों का गुस्सा गुरुवार को सड़कों पर नजर आया। ग्रामीणों ने बटालियन के पास नेशनल हाईवे पर करीब एक घंटे तक जाम लगाकर विरोध प्रदर्शन किया। जाम के कारण हाईवे के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यात्रियों को भारी परेशानी उठानी पड़ी। ग्रामीणों का कहना है कि भिंड से कुरथरा जाने वाला मुख्य रास्ता पहले से ही काफी संकरा है। गांव में प्रवेश करते ही यह रास्ता और तंग हो जाता है। आरोप है कि कुछ लोगों ने सड़क के दोनों ओर मकान और अन्य निर्माण कर सरकारी रास्ते पर कब्जा कर लिया है। इससे किसानों, राहगीरों और स्कूल जाने वाले बच्चों को रोजाना आवागमन में दिक्कत हो रही है। प्रशासन की समझाईश के बाद हटे
समस्या से परेशान ग्रामीणों ने एकजुट होकर हाईवे जाम कर प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया। सूचना मिलते ही देहात थाना और सिटी कोतवाली की पुलिस मौके पर पहुंची। हालात को देखते हुए एसडीएम अखिलेश शर्मा भी घटनास्थल पर पहुंचे और ग्रामीणों से बातचीत की। एसडीएम ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि मामले की जांच कराई जाएगी। यदि सरकारी रास्ते पर अतिक्रमण पाया गया तो नियमानुसार कार्रवाई कर रास्ता खुलवाया जाएगा। प्रशासन की समझाइश और आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने जाम समाप्त किया। करीब एक घंटे बाद यातायात फिर से सामान्य हो सका। प्रशासन का कहना है कि गांव के रास्ते से जुड़े इस विवाद का जल्द समाधान किया जाएगा, ताकि लोगों को रोजाना होने वाली परेशानी से राहत मिल सके।


