नववर्ष की पूर्व संध्या पर जयपुर शहर में होटल, रेस्टोरेंट, क्लब और फार्म हाउस में अलग-अलग तरह के कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। बड़ी संख्या में लोग नए साल के स्वागत के लिए देर रात तक सड़कों पर रहेंगे। इसी को देखते हुए पुलिस और यातायात विभाग ने पहले से ही सख्त तैयारी कर ली है, ताकि जश्न के नाम पर किसी तरह का हुड़दंग या हादसा न हो।
पिछले सालों के अनुभव को देखते हुए पुलिस को खासतौर पर शराब पीकर वाहन चलाने, तेज रफ्तार और लापरवाही से ड्राइविंग करने वाले युवाओं पर ज्यादा नजर रखनी है। नए साल की रात कानून तोड़ने वालों के लिए जश्न भारी पड़ सकता है।
शराब पीकर वाहन चलाया तो होगी कड़ी कार्रवाई
जयपुर शहर के ट्रैफिक डीसीपी सुमित मेहरड़ा ने बताया- नववर्ष की पूर्व संध्या पर शहर के मुख्य चौराहों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में ब्रेथ एनालाइजर के साथ विशेष टीमें तैनात की जाएंगी। शराब पीकर वाहन चलाते पकड़े गए चालकों के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई होगी। ऐसे मामलों में चालान के साथ-साथ ड्राइविंग लाइसेंस निरस्त करने के लिए परिवहन विभाग को भी लिखा जाएगा। गंभीर मामलों में राजस्थान पुलिस एक्ट के तहत गिरफ्तारी भी की जा सकती है। पुलिस ने साफ किया है कि शराब पीने के बाद खुद वाहन चलाने की बजाय ड्राइवर साथ रखें या टैक्सी का इस्तेमाल करें।
बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट और तेज रफ्तार पर नजर
पुलिस के अनुसार नए साल की रात अक्सर युवा तेज रफ्तार, बिना हेलमेट और बिना सीट बेल्ट वाहन चलाते हैं, जिससे न सिर्फ खुद हादसे का शिकार होते हैं, बल्कि दूसरों की जान भी खतरे में डालते हैं। ऐसे वाहन चालकों पर सख्त नजर रखी जाएगी और नियम तोड़ने पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी।
डिक्की खुली रखकर और तेज आवाज में म्यूजिक पर रोक
वाहनों की डिक्की खुली रखकर उसमें किसी को बैठाने, चलते वाहन में हुड़दंग करने और तेज आवाज में स्टीरियो बजाने पर भी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने साफ किया है कि सड़क पर इस तरह की लापरवाही को बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
50 से अधिक मोबाइल फोर्स की तैनाती ट्रैफिक डीसीपी ने बताया- शहर में पिछले एक सप्ताह में टूरिस्ट की संख्या में बढ़ोत्तरी हुई है। उसकी लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है। ड्रोन से सर्वे करवाए गए है। ट्रैफिक लाइट्स को ऑप्टिमाइज किया गया है। ग्राउंड पर पुलिस की संख्या भी बढ़ाई गई है। उन्होंने बताया- ट्रैफिक जाम वाले एरिया में 50 से अधिक मोबाइल फोर्स की तैनाती की गई है। जिससे जाम लगने की स्थिति में उस इलाके को तुरंत क्लियर करवाया जा सके। क्रिसमस पर ट्रैफिक हालात को देखते हुए जेएलएन मार्ग पर वन वे व्यवस्था लागू रहेगी। शहर की सड़कों पर ड्रोन से नजर रखी जाएगी। जिस ओर ज्यादा जाम होगा, वहां से तुरंत ट्रैफिक को डायवर्ट किया जाएगा। पार्किंग और वन-वे व्यवस्था
नववर्ष संध्या पर कार्यक्रम आयोजकों और आगंतुकों से कहा गया है कि वाहन केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही पार्क करें। गलत जगह पार्किंग करने से यातायात बाधित होने पर कार्रवाई हो सकती है।
यातायात दबाव बढ़ने की स्थिति में गौरव टावर के आसपास जरूरत के अनुसार वन-वे व्यवस्था लागू की जा सकती है।
देर रात तक ट्रैफिक सिग्नल और भारी वाहनों पर रोक
यातायात के सुगम संचालन के लिए न्यू गेट चौराहा और रामनिवास बाग चौराहा सहित प्रमुख चौराहों पर ट्रैफिक सिग्नल रात 2 बजे तक चालू रहेंगे। भारी यातायात दबाव की स्थिति में शहर में भारी वाहनों का प्रवेश भी रात 2 बजे तक रोका जा सकता है।
दुर्घटना या मदद के लिए इन नंबरों पर करें संपर्क
किसी भी दुर्घटना या आपात स्थिति में यातायात पुलिस हेल्पलाइन 1095, 0141-2577717, व्हाट्सएप हेल्पलाइन 8764866972, यातायात नियंत्रण कक्ष 0141-2565630, 0141-2561256 या पुलिस कंट्रोल रूम 100 पर संपर्क किया जा सकता है।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि नए साल का जश्न मनाते समय अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा का ध्यान रखें, नियमों का पालन करें और सुरक्षित तरीके से नए साल का स्वागत करें।


