मुरैना-श्योपुर संसदीय क्षेत्र के सांसद शिवमंगल सिंह तोमर की अध्यक्षता में मंगलवार को जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा की गई और अधिकारियों को आपसी समन्वय से काम करने के निर्देश दिए गए। सांसद ने कहा कि श्योपुर को रेलवे से जोड़ने वाला प्रोजेक्ट जून 2026 तक पूरा करने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएं। रेलवे प्रोजेक्ट पर फोकस बैठक में रेलवे अधिकारियों ने जानकारी दी कि अब तक 188 किलोमीटर रेलवे ट्रैक बिछाया जा चुका है। सांसद ने स्पष्ट कहा कि यह परियोजना जिले के विकास के लिए बेहद जरूरी है, इसलिए काम में किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। टर्राकलां और चकबमूलिया में बने अंडरपास की ऊंचाई बढ़ाने के लिए प्रस्ताव तैयार करने के भी निर्देश दिए गए। शिक्षा और अधोसंरचना पर निर्देश सांसद ने सांदीपनि विद्यालयों के निर्माण कार्य समय पर पूरा करने को कहा। विधि महाविद्यालय में प्रथम तल के निर्माण का प्रस्ताव भेजने और ब्रिज कॉर्पोरेशन द्वारा बनाए जा रहे पुलों को तय समय सीमा में पूरा करने के निर्देश भी दिए गए। बड़ौदा क्षेत्र के रूडी में पार्वती नदी पर बने पुल को हाईवे से जोड़ने के लिए आंतरिक सड़क बनाने का प्रस्ताव तैयार करने को कहा गया। कूनो नेशनल पार्क में पर्यटन बढ़ाने पर जोर सांसद तोमर ने कूनो नेशनल पार्क में पर्यटन सुविधाएं बढ़ाने के निर्देश दिए। टिकटोली गेट पर कैंटीन, स्मृति चिन्ह (शोविनियर) दुकान और अन्य बुनियादी सुविधाएं विकसित करने पर जोर दिया गया। अधिकारियों ने बताया कि अक्टूबर से दिसंबर तक 3018 पर्यटकों ने कूनो का भ्रमण किया, जो एक अच्छा संकेत है। नल-जल योजना और आवास पर समीक्षा ढोढर और सोठवा में नल-जल योजनाओं को सुचारु रूप से चलाने के लिए पीएचई और ग्रामीण विकास विभाग को आपस में समन्वय करने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर अर्पित वर्मा ने बताया कि पीएम आवास योजना और पीएम जनमन योजना के तहत आवास निर्माण तेजी से किया जा रहा है। पीएम जनमन योजना के तहत सड़कों के आदेश कलेक्टर ने जानकारी दी कि पीएम जनमन योजना के अंतर्गत 21 सड़कों के निर्माण के वर्क ऑर्डर जारी किए जा चुके हैं। ये सड़कें आदिवासी बस्तियों और ग्रामीण क्षेत्रों में संपर्क सुविधा बेहतर करेंगी। अन्य विभागों की जानकारी बिजली कंपनी ने बताया कि विजयपुर के अकोरिया में नया बिजली सब-स्टेशन शुरू हो गया है। स्वास्थ्य विभाग ने जानकारी दी कि विजयपुर में जेल रोड पर 24 करोड़ रुपए की लागत से 100 बिस्तरों वाला सिविल अस्पताल बन रहा है। पीआईयू विभाग ने बताया कि पहेला में सांदीपनि स्कूल का निर्माण जनवरी 2026 तक पूरा हो जाएगा। बैठक में यह रहे मौजूद बैठक में कलेक्टर अर्पित वर्मा, एसपी सुधीर अग्रवाल, श्योपुर विधायक बाबू जण्डेल, विजयपुर विधायक मुकेश मल्होत्रा, भाजपा जिला अध्यक्ष शंशाक भूषण सहित जिला पंचायत और विभिन्न विभागों के अधिकारी व जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।


