अशोकनगर जिला प्रशासन ने मंगलवार को चंदेरी तहसील के ग्राम प्राणपुर में शासकीय भूमि से अवैध अतिक्रमण हटाया है। यह कार्रवाई भू-माफियाओं और अतिक्रमणकारियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई। ग्राम प्राणपुर में स्थित शासकीय कुएं की भूमि पर मोहम्मद तौफीक पिता सलीम खान ने लगभग 60 वर्ग फीट क्षेत्र में दुकान का अवैध निर्माण कर लिया था। प्रशासन ने इस अतिक्रमण के संबंध में 19 दिसंबर 2025 को कारण बताओ नोटिस जारी किया था। निर्धारित समय-सीमा तक संबंधित व्यक्ति द्वारा कोई संतोषजनक जवाब प्रस्तुत नहीं किया गया। इसके बाद मंगलवार को प्रशासन ने जेसीबी मशीन के माध्यम से मौके पर पहुंचकर अवैध निर्माण को ध्वस्त कर अतिक्रमण हटाया। यह पूरी कार्रवाई अनुविभागीय अधिकारी (एसडीएम) मनीष धनगर के निर्देशन और तहसीलदार दिलीप दरोगा के नेतृत्व में हुई। कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासनिक अमला भी मौके पर मौजूद रहा। प्रशासन ने कहा है कि शासकीय भूमि पर अवैध कब्जा करने वालों के खिलाफ कोई रियायत नहीं बरती जाएगी। जिले में माफिया विरोधी अभियान के तहत ऐसी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे शासकीय भूमि पर अतिक्रमण न करें और यदि कहीं अवैध कब्जा हो तो उसकी सूचना दें, ताकि समय पर कार्रवाई की जा सके।


