धनबाद के धर्माबांध में हिंसक झड़प व एसडीपीओ पर हमले का मुख्य आरोपी कारू यादव, उसका भतीजा रोशन यादव, रिश्तेदार नरेश यादव और खास गुर्गा बजरंगी पासवान उर्फ धर्मेंद्र कुमार को पुलिस ने जेल भेज दिया। इससे पहले कारू यादव का जहां आतंक था, उस क्षेत्र में हथकड़ी लगाकर पुलिस ने उसका जुलूस निकाला। कारू यादव उर्फ देवेंद्र यादव के पुलिस के पकड़ में आने के बाद उसकी हेकड़ी गुम हो गई। वह जिस थाना क्षेत्र में डीएसपी पर हमला का आरोपी है, उसी मधुबन थाने में जेल जाने से पूर्व प्रत्येक पुलिस अधिकारी और जवानों के पैर छूकर माफी मांगी। उसने कहा कि उससे बहुत बड़ी गलती हो गई है। अवैध कमाई से करोड़ों की संपत्ति बनाई, रिटर्न में 10 लाख बताई अवैध कोयला और अन्य गैरकानूनी धंधों से कारू ने अकूत संपत्ति अर्जित की है। आसनसोल में प्रॉपर्टी खरीदी है। लखीसराय के परूई में अपनी ससुराल, नवादा में भी काफी पैसे लगाए हैं। यही नहीं, जहां हिंसक झड़प हुई, उसके पास फोरलेन पर लगभग पांच एकड़ जमीन खरीद रखी है। इन सभी संपत्तियों के बारे में पुलिस पता लगाने का काम कर रही है। वहीं, कारू ने इनकम टैक्स रिटर्न में अपनी सालाना आमदनी लगभग 10 लाख बताई है। कैसे शुरू हुआ था हिंसक झड़प दरअसल, 9 जनवरी को धर्माबांध स्थित हिलटॉप आउटसोर्सिंग में बाउंड्री वॉल निर्माण की सूचना पर रैयतों ने मौके पर पहुंच विरोध शुरू कर दिया। इसके बाद कंपनी समर्थक और रैयतों के बीच मारपीट शुरू हो गई। सूचना पर पहुंचे बाघमारा डीएसपी पुरुषोत्तम कुमार सिंह पर कारू यादव के समर्थकों ने पत्थरों से जानलेवा हमला किया। घटना में डीएसपी के सिर और रीढ़ में गंभीर चोट आई है। असर्फी हॉस्पिटल में भर्ती कराने के बाद गंभीर स्थिति देख डीएसपी को दुर्गापुर मिशन हॉस्पिटल ले जाया गया है। वहीं, मौके का फायदा उठा कारू अपने बेटे व समर्थकों के साथ भाग निकला था। कारू को रिमांड पर लेकर पूछताछ करेगी पुलिस कारू के खिलाफ अलग-अलग थानों में कुल 37 प्राथमिकियां पूर्व से ही दर्ज हैं। वहीं, धर्माबांध में हिंसक झड़प और डीएसपी पर हमले के बाद अब तक 11 नई प्राथमिकियां दर्ज हुई है, जिसमें कारू नामजद आरोपी है। पुलिस पूर्व में दर्ज केसों के बारे में पता लगा रही है। कारू को रिमांड पर लेकर पुलिस पूछताछ करेगी। धर्माबांध हिंसक झड़प में आउटसोर्सिंग कंपनी की भूमिका की जांच की जा रही है। झड़प में संलिप्तता मिलने पर कंपनी को ब्लैकलिस्ट करने के लिए बीसीसीएल के वरीय अधिकारियों को पत्र लिखा जाएगा। अनुसंधान में जो भी दोषी मिलेंगे, उनके खिलाफ कार्रवाई होगी। – एचपी जनार्दनन, एसएसपी, धनबाद ये भी पढ़िए बाघमारा डीएसपी पर हुए हमले का मुख्य आरोपी गिरफ्तार:भाई की निशानदेही पर मार्केट से पिस्टल-गोली व बम बरामद, सात गए जेल धनबाद के धर्माबांध में हिंसक झड़प और बाघमारा एसडीपीओ पर हुए हमले में पुलिस ने मुख्य आरोपी कारू यादव को जमुई (बिहार) से गिरफ्तार कर लिया है। उसे देर रात धनबाद लाया गया है। वहीं, कारू के भाई वीरेंद्र यादव उर्फ बिलू सहित सात आरोपियों को पूछताछ के बाद पुलिस ने कोर्ट में प्रस्तुत किया। कोर्ट ने सभी को जेल भेज दिया। पढ़िए पूरी खबर…


