2026 के स्वागत के लिए रांची पूरी तरह तैयार:सर्द रांची में उत्साहित सैलानी, 5 दिनों तक फॉल और डैमों पर जुटेंगे लाखों लोग

नव वर्ष 2026 के स्वागत के लिए राजधानी रांची पूरी तरह तैयार है। शहर से लेकर आसपास के पर्यटन स्थलों पर उत्साह और उमंग का माहौल है। सर्द मौसम, चारों ओर फैली हरियाली और झरनों की खूबसूरती के बीच रांची इस समय किसी हिल स्टेशन से कम नहीं लग रही है। पिछले कई दिनों से रांची और आसपास के इलाकों में न्यूनतम तापमान लगातार 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे बना हुआ है। ठंडी हवाएं, कोहरे की हल्की चादर और सुबह-शाम की ठिठुरन ने मौसम को और भी रोमांचक बना दिया है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में भी ठंड का असर बरकरार रहने की संभावना है, जिससे पर्यटकों का रुझान और बढ़ सकता है। खासकर युवा वर्ग और परिवार नव वर्ष का जश्न मनाने के लिए सर्द रांची को प्राथमिकता दे रहे हैं। यही वजह है कि इस बार बिहार, पश्चिम बंगाल और ओडिशा से काफी संख्या में पर्यटक छुटि्टयां मनाने रांची पहुंच चुके हैं। शहर के 90 प्रतिशत होटलों में रूम खाली नहीं है। इधर, रांची शहर से लेकर आसपास के सभी पर्यटन स्थल सज-धज कर पूरी तरह तैयार है। दशम फॉल, हुंडरू फॉल, जोन्हा फॉल, पतरातू घाटी, रॉक गार्डन, बिरसा जैविक उद्यान, धुर्वा, गेतलसूद, कांके डैम सैलानियों के स्वागत के लिए तैयार हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार अगले पांच दिन इन पर्यटन स्थलों पर लाखों सैलानियों के पहुंचने की संभावना है। इसे देखते हुए जिला प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। सभी प्रमुख फॉल और पिकनिक स्पॉट पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। सुरक्षा की दृष्टि से डेंजर प्वाइंट चिन्हित कर बैरिकेडिंग की गई है और इन क्षेत्रों से आगे जाने पर पूरी तरह पाबंदी लगा दी गई है। इसके अलावा गोताखोरों और आपदा प्रबंधन टीमों को भी अलर्ट मोड पर रखा गया है। अगर आप भी पर्यटन स्थलों पर जा रहे हैं तो कुछ बातों को ध्यान जरूर रखें। अनगड़ा में हुंडरू फॉल स्थित है। पानी का प्रवाह पिछले माह से कुछ कम है। लेकिन पर्यटकों की भीड़ पिछले पांच दिनों से उमड़ रही है। खासियत: फॉल तक जाने के लिए चौड़ी सड़क है। यह सबसे ऊंचा झरना है। यह स्वर्णरेखा नदी पर करीब 320 फीट (98 मीटर) की ऊँचाई से गिरता है, यहां की प्राकृतिक सुंदरता, घने जंगल, चट्टानें और नीचे बना पूल पर्यटकों को रोमांच व सुकून देता है। क्या बरतें सावधानी: 31 दिसंबर और 1 जनवरी को काफी भीड़ होगी। इस वजह से वाहनों की कतार से सड़क जाम की समस्या हो सकती है। सुरक्षित चिन्हित स्थल पर ही वाहन लगाएं। डेंजर जोन के आगे सेल्फी लेने या नहाने न जाएं और किसी सदस्य को भी नहीं जाने दें। बुंडू स्थित दशम फॉल तैमारा गांव के पास स्थित है। इसकी मनोरम छटा बच्चे से लेकर बुजुर्गों को काफी लुभाती है। चारों ओर जंगल में घिरे इस फॉल तक पहुंचने के लिए रांची-टाटा हाईवे और तुपुदाना से जाया जा सकता है। रांची से इसकी दूरी करीब 40 किमी है। अनगड़ा में चमघटी नाला व गूंगा नाला पर जोन्हा फॉल स्थित है। राजधानी से करीब 40 किमी दूर स्थित इस फॉल की खूबसूरती देखते ही बनती है। 31 दिसंबर से पांच जनवरी के बीच काफी भीड़ उमड़ती है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *