चुटिया थाना क्षेत्र के स्टेशन रोड स्थित फुटब्रिज के पास पीसीआर-21 के जवान का सिर फोड़ने के आरोपी को 5 दिनों बाद गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपी का नाम बिपिन बिहारी टुडू है और वह मूल रूप से ओडिशा के मयूरभंज स्थित जामदाग के तराना गांव का रहने वाला है। आरोप है कि बिपिन 25 दिसंबर की रात एक बजे स्टेशन रोड में हंगामा कर रहा था। इसके बाद पीसीआर 21 में तैनात पुलिसकर्मी वहां पहुंचकर बिपिन को पकड़ना चाहे तो ड्यूटी में तैनात जवान अनिल चंद्र साहा पर हमला कर सिर फोड़ दिया और फरार हो गया। गंभीर रूप से घायल जवान को तुरंत निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। पूरे मामले में ड्यूटी पर तैनात एएसआई योगेंद्र कुमार ने 28 दिसंबर को आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई थी। पुलिस ने पूरे मामले की जांच करते हुए स्टेशन रोड से आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। तीन की जगह एक जवान से ड्यूटी लेने में समस्या हुई पीसीआर में मैन पावर की कमी से ड्यूटी करने वाले पुलिसकर्मी काफी परेशान हैं। दिन के शिफ्ट में तो किसी तरह ड्यूटी कर लेते हैं, लेकिन रात में काफी कठिनाई हो रही है। अक्सर विवाद की सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस की टीम डरी-सहमी हुई रहती है। पदाधिकारी के साथ 3 जवानों को तैनात करने के बजाए एक जवान को लगाकर काम लिया जा रहा है। ऐसे में झगड़ा-झंझट या नशे की हालत में हंगामा कर रहे लोगों के सामने अक्सर जवान कमजोर पड़ जा रहे हैं। 25 दिसंबर की रात भी पीसीआर में एएसआई योगेंद्र कुमार के साथ सिर्फ एक जवान अनिल चंद्र साहा को तैनात किया गया था। यही वजह है कि हंगामा की सूचना पर चालक कमलेश सिंह गाड़ी लेकर मौके पर पहुंचा तो आरोपी ने पुलिस पार्टी पर ही हमला कर दिया।


