भास्कर न्यूज| महासमुंद भारतीय जनता युवा मोर्चा महासमुंद के कार्यकर्ताओं ने सोमवार को महासमुंद के नेहरू चौक पर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल व टीएस सिंहदेव का पुतला दहन करके सनातन विरोधी बयान के खिलाफ प्रदर्शन किया गया। भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी के नेता हमेशा सनातन धर्म और साधु-संतो का अपमान करते रहे हैं। भाजयुमो जिलाध्यक्ष जसराज चंद्राकर ने बताया कि सनातन धर्म का विरोध पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के साथ कई कांग्रेसी नेताओं ने किया है। भूपेश बघेल अंतर्राष्ट्रीय कथा वाचक पं. प्रदीप मिश्रा और पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री का विरोध कर रहे है। इससे स्पष्ट होता है कि कांग्रेस पार्टी के नेताओं को इनका विरोध करने का स्क्रिप्ट किसी ने दिया हो। उन्होंने कहा कि रामसेतु की जब बात आई तब कांग्रेसियों ने कहा कि यह काल्पनिक है, भगवान राम को कांग्रेसियों ने काल्पनिक कहा। राम मंदिर बनने और आमंत्रण मिलने के बाद भी गांधी-परिवार दर्शन करने नहीं गया। कांग्रेस नेताओं ने हमारे मान-बिंदुओं को लगातार अपमानित किया हैं। हमारे साधु-संतों का अपमान किया हैं। पंडित प्रदीप मिश्रा का प्रवचन सुनने और शिव-भक्ति के लिए गांव-गांव, गली-गली में आबाल-वृद्ध नर-नारी उमड़ पड़े हैं। हमें गर्व है कि धीरेंद्र शास्त्री भगवान बागेश्वर धाम की महिमा बता रहे हैं। उन्होंने सनातन को जागृत करने का काम किया हैं। उन्होंने कहा कि धर्मांतरण कराने वालों से दिल्ली में मुलाकात कर उन्हें संरक्षण देने वाले को सनातन धर्म और हमारे साधु-संतो पर बोलने का अधिकार नहीं है और यही कांग्रेस पार्टी जो लगातार सनातन का विरोध करती है वे अब कुछ राज्यों तक ही सीमित हो गए है और आने वाले समय में कांग्रेस पार्टी कहीं नहीं होगी। इस मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष येतराम साहू, विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा, नपा उपाध्यक्ष देवीचंद राठी, भाजपा जिला मंत्री मनीष बंसल, भाजपा मंडल अध्यक्ष महेंद्र सिका, मंडल महामंत्री द्वय मीना वर्मा, अग्रज शर्मा, महिला मोर्चा मोर्चा पूर्व जिला अध्यक्ष सुधा साहू, रमेश साहू, संदीप घोष, भाजयुमो जिला महामंत्री व कार्यक्रम प्रभारी अमन वर्मा सहित बड़ी संख्या में अन्य कार्यकर्ता मौजूद थे।


