अमृतसर से एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने इंसानियत पर सवाल खड़े कर दिए हैं। बीते कल रात करीब 9 बजे एक कारोबारी रवि महाजन, जो बाइक पर सवार होकर घर जा रहे थे, सड़क दुर्घटना का शिकार हो गए। पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। इस हादसे में वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए और बेहोश हो गए। दुर्घटना के बाद वहां से गुजर रहे कुछ राहगीर उनकी मदद के लिए रुके और उन्हें पास के एक अस्पताल में भर्ती कराया। लेकिन इस घटना के दौरान कुछ ऐसा हुआ जिसने मदद के नाम पर इंसानियत को शर्मसार कर दिया। मददगारों में से एक व्यक्ति ने मौके का फायदा उठाते हुए रवि महाजन की जेब से लगभग दो लाख रुपये नकद चुरा लिए। चोरी की यह शर्मनाक घटना अस्पताल में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई। सीसीटीवी फुटेज में क्या दिखा सीसीटीवी फुटेज में स्पष्ट रूप से देखा जा सकता है कि एक व्यक्ति, जो मददगार होने का नाटक कर रहा था, रवि महाजन की जेब से पैसे निकालता है और अपनी जैकेट की जेब में रखकर मौके से फरार हो जाता है। यह घटना अस्पताल में मौजूद अन्य लोगों और स्टाफ की नजरों से बचकर अंजाम दी गई। पुलिस ने शुरू की कार्रवाई घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान की कोशिश की जा रही है। पुलिस ने जनता से भी अपील की है कि यदि किसी को इस घटना के बारे में कोई जानकारी हो तो वह तुरंत पुलिस के साथ साझा करें


