धमतरी| जवाहर लाल नेहरू उत्कर्ष योजना के तहत कक्षा 6वीं में प्रवेश के लिए 21 मार्च को परीक्षा होगी। उत्कृष्ठ शैक्षणिक संस्थाओं में निशुल्क पढ़ने व प्रवेश के लिए परीक्षा दोपहर 12 से 2 बजे तक होगी। आदिवासी विकास विभाग के सहायक आयुक्त विमल कुमार ने बताया कि परीक्षा में शामिल होने के लिए विद्यार्थियों का कक्षा 5वीं में नियमित अध्ययनरत होना तथा कक्षा चौथी की परीक्षा में 80 प्रतिशत से अधिक अंक या समकक्ष ग्रेड प्राप्त किया होना अनिवार्य है। ऐसे विद्यार्थी योजना के तहत आयोजित चयन परीक्षा में शामिल होने के पात्र होंगे। चयन परीक्षा के प्राप्तांकों की मेरिट के आधार पर 6वीं के लिए अजा तथा अजजा वर्ग के लिए आवंटित किए गए राज्य में स्थित उत्कृष्ठ शिक्षण संस्थाओं में प्रवेश दिया जाएगा। विद्यार्थियों के पालक की वार्षिक आय ढाई लाख से अधिक नहीं होना चाहिए। चयन पूर्णता ग्रामीण क्षेत्र अर्थात ग्राम पंचायत, जनपद पंचायत, नगर पंचायत क्षेत्र में स्थित शालाओं के विद्यार्थियों से जो कक्षा 5वीं में पढ़ रहे हों, वह इस योजना का लाभ लेने पात्र होंगे।


