जालोर में राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना में चयनित अपात्र व्यक्तियों के नाम स्वेच्छा से हटवाने के लिए सरकार ने निर्देश दिए। इसके बाद जालोर जिला प्रशासन 31 जनवरी तक गिवअप अभियान चला रहा है। इसके तहत जिले में अब तक 326 लोगों ने अपने नाम स्वेच्छा से कटवाए हैं। जिला रसद अधिकारी व जिला उपभोक्ता संरक्षण अधिकारी आलोक झरवाल ने बताया- गिवअप अभियान का उद्देश्य अपात्र व्यक्तियों को चिह्नित कर योजना का लाभ सभी पात्र व्यक्तियों को पहुंचाना है। अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा योजना में चयनित सक्षम व्यक्ति जैसे-आयकरदाता, चौपहिया वाहन धारक, सरकारी या अर्द्धसरकारी कर्मचारी व अन्य सक्षम व्यक्ति अपने क्षेत्र के उचित मूल्य दुकानदार के पास जाकर निर्धारित फॉर्म भरकर योजना से अपना नाम हटवा सकते हैं। यदि सक्षम व्यक्ति अपने नाम नहीं हटवाते हैं तो उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि अभियान के तहत अभी तक जिले में कुल 326 लोगों द्वारा स्वेच्छा से अपने नाम हटवाए गए हैं। 31 जनवरी, 2025 तक स्वेच्छा से अपना नाम नहीं हटवाने वाले अपात्र या सक्षम व्यक्तियों के खिलाफ कार्रवाई कर उनके द्वारा उठाए गए राशन की बाजार भाव से वसूली की जाएगी।


