साल 2025 का हर महीना अपने साथ ऐसी खबरें लेकर आया, जिन्होंने सिर्फ सुर्खियां ही नहीं बनाईं, बल्कि सियासत, समाज और सिस्टम को आइना भी दिखाया। जनवरी की शुरुआत भोपाल से आई उस सनसनीखेज घटना से हुई, जब जयश्री गायत्री फूड्स की डायरेक्टर ने ED की कार्रवाई के बीच जहर खाकर जान देने की कोशिश की और केंद्रीय मंत्री तक पर गंभीर आरोप लगाए। फरवरी में उपराष्ट्रपति धनखड़ के CBI और CJI को लेकर दिए बयान ने देशभर में संवैधानिक बहस छेड़ दी। मार्च में रंगों का त्योहार सांप्रदायिक सौहार्द की मिसाल बना, तो अप्रैल में वक्फ संशोधन विधेयक पर आतिशबाजी और सियासी बयानबाजी आमने-सामने दिखी। मई में मंत्री विजय शाह पर FIR और जून में राहुल गांधी के ट्रम्प-मोदी वाले बयान ने राजनीति का ताप बढ़ाया। जुलाई में बाढ़ ने तबाही मचाई, सेना तक बुलानी पड़ी। अगस्त में पेट्रोल के बढ़ते दामों ने जेब पर असर डाला। सितंबर में मुख्यमंत्री के साथ हॉट एयर बैलून हादसा चर्चा में रहा। अक्टूबर में कार्बाइड गन पर बैन ने सख्त संदेश दिया। नवंबर में रेप आरोपी का एनकाउंटर और दिसंबर में केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह की सुरक्षा बढ़ाए जाने की खबर चर्चा में रही। पढ़िए भोपाल की वे 12 खबरें, सुर्खियों में रहीं। भोपाल में जयश्री गायत्री फूड्स की डायरेक्टर ने खाया जहर भोपाल में जयश्री गायत्री फूड्स प्राइवेट लिमिटेड के मालिक किशन मोदी की पत्नी पायल मोदी ने जहर खाकर जान देने की कोशिश की है। पायल मोदी (उम्र 31 वर्ष) ने घर में रखी चूहे मार दवा खा ली। जिसके बाद उसे बंसल हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के अनुसार पायल ने जहर क्यों खाया, फिलहाल इसके कारण अभी पता नहीं चल सके हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच चल रही है। पायल का एक कथित सुसाइड नोट भी मिला है। जिसमें केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान और 5 अन्य लोगों पर आरोप लगाए हैं। पढ़िए पूरी खबर। धनखड़ बोले- CBI डायरेक्टर के चयन में CJI क्यों जगदीप धनखड़ ने कहा कि CBI डायरेक्टर या अन्य बड़े अधिकारियों (चीफ इलेक्शन कमिश्नर) के सिलेक्शन पैनल में चीफ जस्टिस ऑफ इंडिया कैसे हिस्सा ले सकते हैं। न्यायिक सक्रियता और अतिक्रमण के बीच की रेखा पतली है, लेकिन लोकतंत्र पर इसका प्रभाव मोटा है। धनखड़ ने आगे कहा- यह बात हैरान करती है कि हमारे जैसे देश या किसी भी लोकतंत्र में, भारत के मुख्य न्यायाधीश CBI डायरेक्टर के चयन में कैसे भाग ले सकते हैं। पढ़िए पूरी खबर। इंदौर में नमाज के बाद मुस्लिमों ने भी खेली होली, भोपाल में भव्य जुलूस 14 मार्च को पूरे मध्यप्रदेश में होली का त्योहार उत्साह के साथ मनाया गया। उज्जैन में सबसे पहले महाकाल ने होली खेली। पुजारियों ने उन्हें गुलाल लगाया। उज्जैन में साधु-संतों रंग-गुलाल उड़ाया। भोपाल में टैंकरों से रंगा बरसा तो सीएम हाउस में ब्रज की होली खेली गई। यहां आए लोगों ने सीएम डॉ. मोहन यादव के साथ फूलों से होली खेली। सीएम ने ‘आज भोपाल में होली रे रसिया’ गाया। राधा-कृष्ण पर फूल बरसाए। इंदौर में नमाज के बाद मुस्लिमों ने भी होली खेली। पढ़िए पूरी खबर। भोपाल में वक्फ संशोधन विधेयक के समर्थन में आतिशबाजी संसद में वक्फ संशोधन विधेयक 2025 पेश हुआ। भोपाल में इसके समर्थन में कुछ मुस्लिम महिलाओं और युवकों ने आतिशबाजी कर खुशी जताई। आनंदपुरा और कोकता इलाके में बुर्का पहनी मुस्लिम महिलाएं हाथों में गुलाब थामे थीं। वे ‘थैंक्यू, मोदी जी’ और ‘वी सपोर्ट मोदी जी’ लिखी तख्तियां लिए थीं। भोपाल के हथाई खेड़ा डैम के पास भी जश्न मनाया गया। कांग्रेस विधायक आरिफ मसूद ने इसे भाजपा का प्रायोजित कार्यक्रम बताया। पढ़िए पूरी खबर। एमपी के मंत्री विजय शाह पर FIR दर्ज मध्यप्रदेश हाईकोर्ट के आदेश के बाद आखिरकार पुलिस ने मध्यप्रदेश के मंत्री विजय शाह के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली। इंदौर के मानपुर थाना में उनके खिलाफ केस दर्ज किया गया है। मंत्री विजय शाह ने कर्नल सोफिया कुरैशी पर विवादित बयान दिया था। उन्हें आतंकियों की बहन बताया था। पढ़िए पूरी खबर। राहुल बोले-ट्रम्प का फोन आया, नरेंदर तुरंत सरेंडर हो गए राहुल गांधी ने मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में ऑपरेशन सिंदूर और प्रधानमंत्री मोदी पर बयान दिया। राहुल बोले कि ट्रम्प का एक फोन आया और नरेंद्र जी तुरंत सरेंडर हो गए। उन्होंने कहा, “इतिहास गवाह है, यही BJP-RSS का कैरेक्टर है। ये हमेशा झुकते हैं। भारत ने 1971 में अमेरिका की धमकी के बावजूद पाकिस्तान को तोड़ा था। कांग्रेस के बब्बर शेर और शेरनियां सुपर पावर से लड़ते हैं, कभी झुकते नहीं हैं।” पढ़िए पूरी खबर। गुना का कलोरा डैम ओवरफ्लो, सेना बुलानी पड़ी जुलाई में मध्यप्रदेश में भारी बारिश का दौर जारी रहा। भोपाल में कई इलाकों में जलभराव के हालात बन गए। कई कॉलोनियों और सड़कों पर दो फीट तक पानी आ गया। भोपाल की ईको ग्रीन पार्क अयोध्या बायपास में बाढ़ जैसे हालात बने। कई घरों में पानी भर गया है। कोलांस नदी के एक फीट ऊपर बहने से बड़ा तालाब में पानी का लेवल बढ़ गया। पढ़िए पूरी खबर। एमपी-हरियाणा में 5 साल में ₹15 महंगा हुआ पेट्रोल 5 साल में मध्य प्रदेश में 15, राजस्थान में 14 रुपए लीटर पेट्रोल के दाम बढ़े हैं। सबसे ज्यादा कीमतें अंडमान में 35 रुपए बढ़ी हैं। जबकि झारखंड में पांच साल में पेट्रोल की कीमतों में कोई भी अंतर नहीं आया है। मध्यप्रदेश में पिछले 5 सालों में पेट्रोल और डीजल की कीमतें राष्ट्रीय औसत से ज्यादा बढ़ी हैं। यह जानकारी 21 अगस्त को लोकसभा में एक सवाल के जवाब में दी गई है। पढ़िए पूरी खबर। सीएम सवार थे, हॉट एयर बैलून में आग लगी मध्यप्रदेश के गांधीसागर फॉरेस्ट रिट्रीट के पास हिंगलाज रिसोर्ट में नाइट हाल्ट के बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव हॉट बैलून में सवार हुए, लेकिन हवा की रफ्तार 20 किलोमीटर प्रतिघंटा होने से बैलून नहीं उड़ सका। इस दौरान उसके निचले हिस्से में आग लग गई, जिसे वहां मौजूद कर्मचारियों ने बुझाया। दूसरी ओर, सीएम डॉ. यादव जिस ट्रॉली में सवार थे, उसे सिक्योरिटी गार्ड्स ने संभाले रखा, जिससे डॉ. यादव सुरक्षित हैं। पढ़िए पूरी खबर। 150 की आंखें छीनी, कार्बाइड गन पूरे MP में बैन भोपाल और ग्वालियर समेत कई जिलों में कार्बाइड गन के इस्तेमाल से करीब 300 लोगों की आंखें खराब होने के बाद अब पूरे एमपी में इसकी खरीदी-बिक्री पर रोक लगा दी गई है। सीएम डॉ. मोहन यादव ने इसके निर्देश दिए है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भोपाल के हमीदिया अस्पताल में भर्ती मरीजों से मिले। उन्होंने कहा- कार्बाइड गन घातक विस्फोटक उपकरण है, जो नागरिक सुरक्षा के लिए सीधा खतरा उत्पन्न करता है। पढ़िए पूरी खबर। नवंबर: MP में बच्ची से रेप के आरोपी का शॉर्ट एनकाउंटर मध्य प्रदेश के रायसेन में 6 साल की बच्ची से रेप का आरोपी सलमान शॉर्ट एनकाउंटर में घायल हो गया। पुलिस जब उसे गौहरगंज ले जा रही थी, तभी उसने भागने की कोशिश की। इसके बाद पुलिस को उसे पैर में गोली मारना पड़ी। सलमान पर आरोप है कि 21 नवंबर को वह बच्ची को चॉकलेट का लालच देकर जंगल में ले गया। वहां उसके साथ रेप कर फरार हो गया। पढ़िए पूरी खबर। केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह को पाकिस्तान से खतरा केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान को पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI से जान का खतरा है। केंद्रीय गृह मंत्रालय को उन पर हमले का इनपुट मिला है। जिसके बाद भोपाल और दिल्ली में शिवराज के आवास पर सुरक्षा और बढ़ा दी गई। भोपाल में 74 बंगला स्थित बी-8 आवास के चारो तरफ पुलिस ने अतिरिक्त बैरिकेडिंग की है। दिल्ली स्थित सरकारी आवास पर भी सुरक्षा बढ़ाई गई है। पढ़िए पूरी खबर।


