झाबुआ में हजारों भक्तों ने किया सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ:राजवाड़ा चौक पर गूंजा ‘जय श्री राम’; कष्ट निवारण के लिए प्रार्थना पर्चियां समर्पित

झाबुआ के राजवाड़ा चौक पर मंगलवार रात श्री हनुमान चालीसा पाठ मंडली समिति की ओर से 1008 सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ का आयोजन किया गया। इस आध्यात्मिक अनुष्ठान में हजारों भक्तों की भीड़ उमड़ी, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। यह आयोजन समिति की ओर से साल 2022 के पहले मंगलवार से साप्ताहिक पाठ से शुरू किया गया था। समिति ने प्रत्येक हफ्ते अलग-अलग मंदिरों में पाठ करने का संकल्प लिया था, जो अब चार वर्षों बाद एक विशाल स्वरूप ले चुका है। कार्यक्रम की एक विशेष बात ‘श्रद्धा की पर्ची’ रही। हजारों की संख्या में पहुंचे भक्त अपने और अपने परिजनों के कष्टों और बाधाओं को कागज पर लिखकर लाए थे। इन पर्चियों को आयोजन स्थल पर बाबा कष्टभंजन देव के चरणों में समर्पित किया गया। प्रार्थना पत्र गुजरात के सुप्रसिद्ध सालंगपुर धाम भेजे जाएंगे आयोजन समिति ने बताया कि ये सभी प्रार्थना पत्र गुजरात के सुप्रसिद्ध सालंगपुर धाम भेजे जाएंगे। वहां हनुमान जी के परम भक्त स्वामी श्री हरिप्रकाश दास जी महाराज स्वयं इन पर्चियों को बाबा कष्टभंजन देव के चरणों में रखकर झाबुआ वासियों के दुखों को हरने की प्रार्थना करेंगे। इस अवसर पर संत कमलजी महाराज ने विशेष रूप से उपस्थित होकर भक्तों को अपना आशीर्वाद और मार्गदर्शन दिया। आयोजन को सफल बनाने में नीरज राठौर, भावेश सोनी, शुभम राठौर, विश्वास शाह, नवनित त्रिवेदी, जीत ट्रेलर, हिमांशु घोटकर, दर्पण भाटी, आशीष पांडे, सतीश महेश्वरी, हरीश महेश्वरी और अभिषेक बरबेटा सहित समिति के सेवादारों का विशेष योगदान रहा। अंत में, अमरीश भावसार ने सभी भक्तों और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *