जबलपुर शहर में नव वर्ष 2026 के स्वागत की तैयारियां जोरों पर हैं। नए साल की पूर्व संध्या पर पार्टी, डिनर और सेलिब्रेशन को लेकर शहर के अधिकांश होटल और रेस्टोरेंट पूरी तरह बुक हो चुके हैं। शहर में जश्न का माहौल बन गया है। होटल संचालकों के अनुसार इस बार न्यू ईयर सेलिब्रेशन को लेकर जबरदस्त क्रेज देखने को मिल रहा है। परिवारों, युवाओं और कपल्स ने पहले से ही टेबल और हॉल बुक करा लिए हैं। कई होटलों में लाइव म्यूजिक, डीजे नाइट, डांस फ्लोर और स्पेशल डिनर पैकेज की आकर्षक व्यवस्था की गई है। वहीं रेस्टोरेंट्स में भी खास मेन्यू तैयार किए गए हैं, जिनमें चाइनीज, कॉन्टिनेंटल, इंडियन और फास्ट फूड के साथ विशेष मिठाइयां और ड्रिंक्स शामिल हैं। ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए कई होटल विशेष ऑफर भी दे रहे हैं। पारिवारिक डिनर पार्टी तो कहीं दोस्तों के साथ संगीत नए साल के जश्न को लेकर लोग घरों, होटलों और बाजारों में अलग-अलग योजनाएं बना रहे हैं। कहीं पारिवारिक डिनर पार्टी तो कहीं दोस्तों के साथ संगीत, नृत्य और जश्न की तैयारी चल रही है। सोसाइटियों और कॉलोनियों में भी सामूहिक कार्यक्रमों की रूपरेखा बनाई जा रही है, जिसमें पिकनिक, पार्टी और मनोरंजन के आयोजन शामिल हैं। कुछ लोग शहर से बाहर पिकनिक स्पॉट्स पर भी नए साल का स्वागत करने की योजना बना रहे हैं। बाजारों में भी रौनक बढ़ गई होटल और रेस्टोरेंट संचालकों के लिए 31 दिसंबर की रात और 1 जनवरी का खास इंतजार है। इन दोनों दिनों के लिए विशेष व्यंजन तैयार किए जा रहे हैं और प्रतिष्ठानों को रंग-बिरंगी लाइटों, गुब्बारों और झालरों से सजाया जा रहा है। बाजारों में भी रौनक बढ़ गई है। गिफ्ट और सजावटी सामान की दुकानों पर युवाओं की भारी भीड़ देखी जा रही है। म्यूजिकल ग्रिटिंग कार्ड्स लोगों की पहली पसंद बने हुए हैं, जिनमें हैप्पी न्यू ईयर से जुड़े गाने बजते हैं। एक हजार से अधिक स्थानों पर जश्न शहर में एक दर्जन से अधिक होटल और रेस्टोरेंट ऐसे हैं, जहां न्यू ईयर का जश्न धूमधाम से मनाया जाएगा। 31 दिसंबर की रात 12 बजते ही लोग एक-दूसरे को हैप्पी न्यू ईयर की शुभकामनाएं देंगे और आतिशबाजी के साथ नए साल का स्वागत किया जाएगा। सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद नववर्ष को लेकर सुरक्षा व्यवस्था भी चाक-चौबंद की जा रही है। 31 दिसंबर और 1 जनवरी को शहर के हर प्रमुख चौराहे पर पुलिस तैनात रहेगी। मंगलवार रात से ही शहर के कोने-कोने में पुलिस बल मुस्तैद कर दिया गया है। शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर विशेष नजर रखी जाएगी। एसपी के निर्देश पर सभी थानों के टीआई स्वयं सड़कों पर उतरकर सुरक्षा व्यवस्था संभाल रहे हैं, ताकि लोग सुरक्षित माहौल में नए साल का जश्न मना सकें।


