खरगोन जिले के भीकनगांव थाना परिसर में एक आरक्षक ने नशे की हालत में हंगामा किया। इस दौरान उसने महिला सब इंस्पेक्टर सहित वरिष्ठ अधिकारियों से अभद्रता की और गालीगलौज की। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिससे पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो गए हैं। यह घटना मंगलवार रात की बताई जा रही है। हंगामा करने वाले आरक्षक की पहचान भीकनगांव थाने में पदस्थ दीपक यादव के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि घटना ड्यूटी के बाद की है। आरक्षक कथित तौर पर वर्दी में ही नशे की हालत में थाना परिसर में मौजूद था। महिला SI से भी अभद्रता की वीडियो में आरक्षक दीपक गालीगलौज करते हुए नजर आ रहा है। इस दौरान उसने महिला सब इंस्पेक्टर रीना इक्का से भी अभद्र व्यवहार किया। पुलिसकर्मी उसे बार-बार घर जाने की समझाइश दे रहे हैं, लेकिन वह किसी की बात सुनने को तैयार नहीं था। थाना प्रभारी की मौजूदगी में हुआ हंगामा यह पूरा घटनाक्रम थाना प्रभारी गुलाबसिंह रावत की मौजूदगी में हुआ। बावजूद इसके, आरक्षक काफी देर तक हंगामा करता रहा। बाद में साथी पुलिसकर्मी उसे थाने से ले गए, लेकिन जाते समय भी वह लगातार गालीगलौच करता रहा। न मेडिकल टेस्ट, न अब तक कार्रवाई हैरानी की बात यह है कि घटना के बाद आरक्षक का न तो मेडिकल परीक्षण कराया गया और न ही अब तक कोई विभागीय कार्रवाई सामने आई है। वीडियो वायरल होने के बावजूद पुलिस विभाग की चुप्पी पर सवाल उठ रहे हैं।


