मानपुरा चोरी मामले में बरामद हुए गहने और लाखों रुपए:अभी 7 लाख की रिकवरी बाकी, अन्य चोरों के शामिल होने की संभावना

चित्तौड़गढ़ जिले के मानपुरा गांव में 23 दिसंबर को दिनदहाड़े हुई बड़ी चोरी के मामले में कोतवाली चित्तौड़गढ़ थाना पुलिस ने एक सफलता हासिल की है। सोमवार को गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी किए गए गहनों और नकदी का बड़ा हिस्सा बरामद कर लिया है। इस कार्रवाई में पुलिस ने सोने-चांदी के गहने के साथ लाखों रुपए नकद भी जब्त किए हैं। हालांकि अभी भी करीब 7 लाख रुपए की बरामदगी बाकी है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को घटना स्थल पर ले जाकर मौका तस्दीक भी करवाई, ताकि चोरी की पूरी प्रक्रिया को समझा जा सके। घर से लाखों की चोरी से मचा था हड़कंप जिला पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी ने बताया कि 23 दिसंबर को मानपुरा गांव निवासी सत्यनारायण पुत्र कन्हैयालाल कुमावत ने कोतवाली चित्तौड़गढ़ थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। रिपोर्ट में बताया गया था कि अज्ञात बदमाश दिनदहाड़े उनके घर में घुस आए और वहां रखे 3 तोला सोने के गहने, सवा किलो चांदी के जेवरात और करीब 19 लाख 50 हजार रुपए नकद चोरी कर ले गए। घटना के बाद गांव और आसपास के इलाके में सनसनी फैल गई थी। दिन के समय घर में इतनी बड़ी चोरी होना पुलिस के लिए भी गंभीर चुनौती बन गया था, जिसके बाद मामले को प्राथमिकता से जांच में लिया गया। मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू की दिनदहाड़े हुई इस बड़ी चोरी की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत कार्रवाई शुरू की। कोतवाली चित्तौड़गढ़ थाना पुलिस ने तकनीकी और स्थानीय जानकारी के आधार पर संदिग्धों की तलाश शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को अहम सुराग हाथ लगे, जिसके आधार पर शहर के नजदीक घटियावली थाना शंभूपुरा क्षेत्र के दो युवकों पर शक गहराया। इसके बाद पुलिस ने 24 वर्षीय दिनेश कुमावत पुत्र राधेश्याम कुमावत और 21 वर्षीय नितेश कुमावत पुत्र हरिशंकर कुमावत को सोमवार को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद दोनों आरोपियों से गहनता से पूछताछ की गई। निशानदेही पर गहने, नकदी और गाड़ी बरामद पुलिस पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने चोरी की वारदात स्वीकार कर ली। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने चोरी में इस्तेमाल किए गए औजार, एक मोटरसाइकिल, सोने और चांदी के गहने व 12 लाख 50 हजार 400 रुपए नकद बरामद किए। बरामद सामान को जब्त कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि चोरी की गई कुल राशि और गहनों में से बड़ा हिस्सा अब तक बरामद हो चुका है, लेकिन अभी भी करीब 7 लाख रुपए की रिकवरी बाकी है। इस दिशा में पुलिस लगातार प्रयास कर रही है। पूछताछ जारी, जल्द पूरी बरामदगी की उम्मीद फिलहाल दोनों गिरफ्तार आरोपियों से कोतवाली चित्तौड़गढ़ थाना पुलिस द्वारा लगातार पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि चोरी की वारदात में कोई अन्य व्यक्ति शामिल था या नहीं, और बाकी रकम कहां छिपाई गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही शेष रकम भी बरामद कर ली जाएगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *