मंदसौर में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान में थाना नई आबादी पुलिस को बड़ी सफलता मिली। थाना प्रभारी कुलदीप सिंह राठौर के नेतृत्व में पुलिस ने दो तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से दो क्विंटल डोडाचूरा जब्त किया। पुलिस के अनुसार मंगलवार को मुखबिर से सूचना मिली कि दो व्यक्ति बिना नंबर की काले रंग की इलेक्ट्रिक स्कूटी से डोडाचूरा लेकर मंदसौर बायपास की ओर जा रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने खेल मैदान के पास बाजखेड़ी से छाजूखेड़ा जाने वाले कच्चे रास्ते पर घेराबंदी की और स्कूटी को रोक कर तलाशी ली। तलाशी के दौरान स्कूटी पर रखे दो प्लास्टिक कट्टों से 40 किलोग्राम डोडाचूरा बरामद हुआ। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जाहिद (22 वर्ष) और सद्दाम (35 वर्ष), निवासी बाजखेड़ी, मंदसौर के रूप में हुई। खेत में छुपाए गए मादक पदार्थ का खुलासा आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि बड़ी मात्रा में मादक पदार्थ खेत पर भी छुपाया गया है। पुलिस ने खेत में बनी झोपड़ी में दबिश देकर 8 और प्लास्टिक कट्टों में 160 किलोग्राम डोडाचूरा जब्त किया। कुल मिलाकर 10 कट्टों में 200 किलोग्राम डोडाचूरा, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 5 लाख रुपये बताई जा रही है। बिना नंबर की स्कूटी और मोबाइल भी जब्त पुलिस ने मौके से बिना नंबर की VI PLUS Hero इलेक्ट्रिक स्कूटी और एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन भी जब्त किया। थाना प्रभारी कुलदीप सिंह राठौर ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/15 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है। मामले में और भी आरोपी होने की संभावना है।


