दतिया में रेल यात्रियों के लिए नए साल की शुरुआत अच्छी खबर के साथ होगी। उत्तर मध्य रेलवे प्रशासन ने यात्रियों की सुविधा और स्थानीय जनप्रतिनिधियों व आमजन की लंबे समय से चली आ रही मांग को ध्यान में रखते हुए चिरुला और सरसोकी रेलवे स्टेशनों पर ट्रेनों के ठहराव की मंजूरी दी है। यह निर्णय 1 जनवरी 2026 से प्रभावी होगा। रेलवे के अनुसार, गाड़ी संख्या 11901/11902 वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी-आगरा-झांसी एक्सप्रेस अब दतिया जिले में स्थित चिरुला (CIRL) स्टेशन पर ठहरेगी। झांसी से आगरा जाते समय गाड़ी संख्या 11901 शाम 4:23 बजे चिरुला स्टेशन पहुंचेगी और 4:24 बजे रवाना होगी। वापसी में गाड़ी संख्या 11902 आगरा से झांसी जाते समय सुबह 11:11 बजे चिरुला स्टेशन पहुंचेगी और 11:12 बजे प्रस्थान करेगी। झांसी-कानपुर मेमू का सरसोकी स्टेशन पर ठहराव साथ ही गाड़ी संख्या 64607/64608 वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी-कानपुर-झांसी मेमू का सरसोकी (SSKI) स्टेशन पर ठहराव सुनिश्चित किया गया है। इससे आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के यात्रियों को बड़ी सुविधा मिलेगी। रेलवे के इस फैसले से दतिया जिले सहित आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को आवागमन में राहत मिलेगी। समय की बचत होगी और लंबी दूरी के यात्रियों को सुविधा होगी।


