शाजापुर के प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस पंडित बालकृष्ण शर्मा नवीन महाविद्यालय में मंगलवार को मारपीट हुई। इस घटना के विरोध में बुधवार दोपहर करीब 12 बजे एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। इस दौरान बड़ी संख्या में छात्र कॉलेज परिसर में एकत्रित हुए। घटना के विरोध में नारेबाजी करते हुए अपनी मांगें रखीं। प्राचार्य की कुर्सी पर ‘गूंगे, बहरे, अंधे प्राचार्य’ का चिपकाया पोस्टर एनएसयूआई कार्यकर्ता प्रभारी प्राचार्य से चर्चा करने पहुंचे, लेकिन प्राचार्य कॉलेज में मौजूद नहीं थे। बताया गया कि प्रभारी प्राचार्य शासकीय कार्य से उज्जैन गए हुए थे, जिससे कार्यकर्ताओं का आक्रोश और बढ़ गया। नाराज एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने प्राचार्य की कुर्सी पर एक पोस्टर चिपका दिया, जिस पर विरोध स्वरूप “गूंगे, बहरे, अंधे प्राचार्य” लिखा था। NSUI कॉलेज अध्यक्ष बोले- प्राचार्य के लौटने के बाद होगी बात एनएसयूआई कॉलेज अध्यक्ष रोहित ने बताया कि मंगलवार को कॉलेज में बाहरी लोगों द्वारा छात्रों के साथ मारपीट की गई, जो निंदनीय है। संगठन इस गंभीर मामले को लेकर प्राचार्य से बात करना चाहता था, लेकिन उनकी अनुपस्थिति के कारण संवाद नहीं हो सका। रोहित के अनुसार, आरसी चौहान से चर्चा की गई, जिन्होंने बताया कि प्राचार्य के लौटने के बाद ही इस विषय पर बात रखी जा सकेगी। छात्रों के ड्रेस कोड और परिचय पत्र की अनिवार्य जांच की मांग एनएसयूआई ने कॉलेज प्रशासन से मांग की है कि कॉलेज परिसर में आने वाले प्रत्येक छात्र-छात्रा का ड्रेस कोड और परिचय पत्र अनिवार्य रूप से जांचा जाए। संगठन का कहना है कि जो लोग इन नियमों का पालन नहीं करते, उन्हें कॉलेज परिसर से बाहर किया जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो और छात्रों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।


