देवास पुलिस ने नववर्ष पर 220 गुम हुए मोबाइल फोन उनके असली मालिकों को लौटाए। ये मोबाइल साइबर सेल द्वारा चलाए गए ‘ऑपरेशन साइबर’ के तहत खोजे गए थे। इनकी कुल कीमत करीब 40 लाख रुपए है। पुलिस कंट्रोल रूम देवास में आयोजित कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोत ने मोबाइल फोन आवेदकों को सौंपे। पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोत के निर्देश पर जिले में ऑपरेशन साइबर चलाया जा रहा है। इसका मकसद साइबर अपराधों पर रोक लगाना और पीड़ितों को जल्दी मदद देना है। इस अभियान के तहत हर थाने में प्रशिक्षित साइबर मित्र तैनात हैं, जो गुम मोबाइल और साइबर ठगी के मामलों में तुरंत कार्रवाई करते हैं। पुलिस ने 655 गुम हुए मोबाइल फोन की खोज की इसके अलावा पुलिस चौपाल, गांव-मोहल्लों और कस्बा-नाका स्तर पर लोगों को साइबर सुरक्षा के बारे में जागरूक कर रही है। साल 2025 में ऑपरेशन साइबर के तहत जिला साइबर सेल देवास ने 655 गुम मोबाइल फोन खोजकर उनके मालिकों को लौटाए हैं। इनकी कुल कीमत करीब 1 करोड़ रुपए है। इस काम में जिला साइबर सेल प्रभारी और पूरी टीम का अहम योगदान रहा है। देवास निवासी रेखा ने अपना अनुभव साझा करते हुए बताया कि तीन माह पहले भोपाल चौराहा के पास उनका 60 हजार रुपए का आईफोन गिर गया था। उन्होंने उसी दिन बीएनपी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई और साइबर सेल को सूचित किया। तीन महीने के भीतर उन्हें उनका फोन वापस मिल गया, जिसे महाराष्ट्र से बरामद किया गया था। रेखा ने एसपी और साइबर सेल टीम को धन्यवाद दिया।


