दतिया के कोतवाली थाना क्षेत्र में मंगलवार रात चोरों ने एक सूने मकान को निशाना बनाकर बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। परिवार के बाहर होने का फायदा उठाकर चोर छत के रास्ते घर में घुसे और गोदरेज की अलमारी तोड़कर लाखों के जेवर और नकदी समेट ले गए। घटना पंकज शुक्ला की गली की है। पीड़ित जयेंद्र सिंह परमार अपने परिवार के साथ नातिन के जन्मदिन कार्यक्रम में शामिल होने झांसी रोड स्थित एक होटल गए हुए थे। इसी दौरान चोरों ने मकान की छत के रास्ते प्रवेश किया और छत का जाल तोड़कर अंदर घुस गए। गोदरेज तोड़कर जेवर और नकदी उड़ाई जयेंद्र सिंह परमार ने बताया कि चोर गोदरेज की अलमारी तोड़कर उसमें रखे दो सोने के हार, एक सोने की जंजीर, छह सोने की अंगूठियां, चांदी के आभूषण, कानों की तीन जोड़ी झुमकी और करीब 25 हजार रुपए नकद चोरी कर ले गए। चोरी गए सामान की कुल कीमत लगभग 15 लाख रुपए आंकी गई है। घर लौटने पर चला चोरी का पता रात करीब 10 बजे जब परिवार कार्यक्रम से वापस लौटा तो घर के अंदर सामान बिखरा पड़ा था और अलमारी टूटी हुई मिली। इसके बाद तत्काल कोतवाली पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने शुरू की जांच, CCTV फुटेज खंगाले जा रहे सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है और संदिग्धों की तलाश में जुटी हुई है। मामले में अज्ञात चोरों के खिलाफ जांच आगे बढ़ाई जा रही है।


