ग्वालियर के नारायण विहार कॉलोनी के पीछे कटारे फार्म के पास जंगल में सोमवार को मिली करीब 30 वर्षीय महिला की अर्द्धनग्न लाश की अब तक शिनाख्त नहीं हो सकी है। शव की हालत को देखते हुए पुलिस दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका जता रही है। 36 घंटे से अधिक समय बीत जाने के बावजूद महिला की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस के अनुसार सोमवार शाम जंगल में महिला का शव पड़े होने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की, लेकिन कोई भी महिला को पहचान नहीं सका। इसके बाद जिले के सभी थानों और आसपास के जिलों में महिला के फोटो भेजकर गुमशुदा महिलाओं से हुलिया मिलान करने को कहा गया। कुछ गुमशुदा महिलाओं की जानकारी सामने आई, लेकिन अब तक कोई ठोस सफलता नहीं मिल सकी है। महिला की पहचान के प्रयास में पुलिस ने मेला ग्राउंड, कटारे फार्म और आसपास की झुग्गी-झोपड़ियों में रहने वाले मजदूर परिवारों से भी संपर्क किया और फोटो दिखाए, लेकिन वहां से भी कोई जानकारी नहीं मिल पाई। CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस महिला की पहचान और हत्यारे तक पहुंचने के लिए पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि घटना का सटीक समय अभी स्पष्ट नहीं है, इसके बावजूद अनुमान के आधार पर आसपास के इलाकों और आने-जाने वाले रास्तों के कैमरे खंगाले जा रहे हैं। फिलहाल CCTV से भी कोई अहम सुराग हाथ नहीं लगा है। डॉक्टरों के पैनल ने किया पोस्ट मार्टम महिला की पहचान न होने के कारण मंगलवार को पोस्ट मार्टम नहीं हो सका। इस कारण शव मर्चुरी में रखवा दिया गया था। पुलिस को उम्मीद थी कि बुधवार तक पहचान कर ली जाएगी, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। आखिर आज डॉक्टरों की टीम ने शव का पोस्ट मार्टम किया। पोस्ट मार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि महिला की मौत कब और किन परिस्थितियों में हुई तथा हत्या से पहले उसके साथ दुष्कर्म हुआ है या नहीं। पुलिस का बयान एएसपी अनु बेनीवाल ने बताया कि महिला की मौत के कारणों का खुलासा पोस्ट मार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल पुलिस की प्राथमिकता महिला की शिनाख्त करना है और सभी संभावित पहलुओं पर जांच की जा रही है।


