पिंडवाड़ा तहसील के अजारी ग्राम पंचायत के अंतर्गत आने वाले राजस्व गांव कांटल के ग्रामीणों ने विकास कार्यों की कमी को लेकर अतिरिक्त जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा है। ग्रामीणों का कहना है कि उनके गांव में आधारभूत सुविधाओं का अभाव है। ग्रामीणों ने बताया कि वर्तमान में अजारी ग्राम पंचायत में फुटेला, गडिया, ऐसाउ, दानावा, कैलाशनगर और सिंगलावा सहित कई गांव शामिल हैं, जिससे पंचायत का क्षेत्रफल बहुत बड़ा हो गया है। इसका सीधा असर कांटल गांव के विकास पर पड़ रहा है। सरकारी योजनाओं का लाभ मुख्यालय अजारी तक ही सीमित रह जाता है। शिक्षा की स्थिति भी चिंताजनक है। गांव में केवल 8वीं कक्षा तक की शिक्षा की व्यवस्था है। उच्च शिक्षा के लिए बच्चों को अजारी या पिंडवाड़ा जाना पड़ता है। ग्रामीणों ने पंचायत समिति के पुनर्गठन में कांटल को अलग ग्राम पंचायत बनाने की मांग की है। ज्ञापन सौंपने के दौरान दलपत सिंह, नारायण लाल, कैलाश पुरोहित, प्रवीण मीणा और हड़मंत सिंह मौजूद रहे।


