कोटा के रेलवे कॉलोनी थाना क्षेत्र स्थित पूनम कॉलोनी में सांडों का आतंक एक बार फिर सामने आया है। आज दोपहर करीब 3:15 बजे कॉलोनी में पैदल जा रहे एक युवक पर अचानक सांड ने हमला कर दिया। सांड ने युवक को सिंगों पर उठाकर जोर से जमीन पर पटक दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत घायल युवक को संभाला और मौके पर ही सीपीआर देकर उसकी जान बचाने का प्रयास किया, जिससे युवक को होश आया। इसके बाद उसे तत्काल इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया गया। घायल युवक की पहचान पूनम कॉलोनी निवासी नरेश सेन के रूप में हुई है। कोटा शहर में खुले घूम रहे सांड लगातार लोगों के लिए खतरा बनते जा रहे हैं। इसी सांड द्वारा यह तीसरी घटना बताई जा रही है, जिसमें लोगों को गंभीर चोटें आई हैं। पूरी वारदात पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसमें सांड को युवक को उठाकर फेंकते हुए साफ देखा जा सकता है। कुछ दिन पहले भी सांडों की आपसी लड़ाई के दौरान एक अन्य व्यक्ति घायल हो चुका है। स्थानीय लोगों ने नगर निगम और प्रशासन से सांडों को पकड़कर सुरक्षित स्थान पर भेजने की मांग की है।


