विधवा के खाते से 5 लाख की ग्रेच्युटी धोखाधड़ी:महिला का आरोप- पड़ोसी बाप-बेटी ने अंगूठा लगवाकर निकाली रकम, पुलिस ने दर्ज की FIR

मरवाही थाना क्षेत्र के ग्राम पथर्री निवासी 59 वर्षीय तिजाना बाई गोंड ने अपने बैंक खाते से 5 लाख रुपये की ग्रेच्युटी राशि धोखाधड़ी से निकाले जाने की शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने पड़ोसी बाप-बेटी पर आरोप के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। तिजाना बाई के पति ठाकुरराम एसईसीएल झिरिया ईजी माइंस, रामनगर में कार्यरत थे, जिनकी मौत 31 अक्टूबर 2014 को हो गई थी। पति की मौत के बाद, कोल कंपनी ने 20 जुलाई 2015 को 5 लाख रुपये की ग्रेच्युटी राशि भारतीय स्टेट बैंक, बिजुरी शाखा, जिला अनूपपुर (मध्यप्रदेश) स्थित उनके खाते में जमा की थी। पैसे निकालने पड़ोसियों के साथ बैंक गई महिला तिजाना बाई अनपढ़ होने के कारण बैंक संबंधी प्रक्रियाओं से अनभिज्ञ थी। उनके पड़ोस में रहने वाले सोनू प्रजापति और उनकी बेटी अनीता प्रजापति, निवासी ग्राम चंगेरी, थाना मरवाही, उनके संपर्क में थे। 7 अगस्त 2015 को जब तिजाना बाई को 10 हजार रुपये की आवश्यकता हुई, तो सोनू और अनीता उन्हें बिजुरी स्थित बैंक ले जाने के लिए निकले। रास्ते में कोतमा में नाश्ते के बहाने रुककर सोनू ने कुछ कागजात पर तिजाना बाई का अंगूठा लगवाया और कहा कि वह बैंक से पैसे निकाल लाएगा। ग्रेच्युटी का पूरा पैसा खाते से गायब कई महीनों बाद, जब तिजाना बाई को घर निर्माण के लिए लगभग 4 लाख 50 हजार रुपये की जरूरत पड़ी, तो वह अपने बेटे घनश्याम सिंह के साथ भारतीय स्टेट बैंक, बिजुरी शाखा पहुंची। वहां उन्हें पता चला कि उनके खाते से पूरी ग्रेच्युटी राशि निकाल ली गई है। बैंक रिकॉर्ड के अनुसार, 7 अगस्त 2015 से 16 अक्टूबर 2015 के बीच खाते से पूरी राशि की निकासी दर्ज है। तिजाना बाई को संदेह है कि सोनू प्रजापति और उनकी बेटी अनीता प्रजापति ने ही उनके भरोसे का फायदा उठाकर और कागजों पर अंगूठा लगवाकर उनके खाते से पूरी ग्रेच्युटी राशि हड़प ली है। मरवाही थाने के उपनिरीक्षक श्यामलाल गढ़ेवाल ने शिकायत मिलने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि मामले में तथ्यों की जांच की जा रही है और बैंक स्टेटमेंट, संबंधित दस्तावेजों तथा पक्षकारों के बयानों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *