हजारीबाग में पंचायत सचिव घूस लेते रंगे हाथों गिरफ्तार:आवास योजना की तीसरी किस्त के लिए मांगी थी रिश्वत, भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने की कार्रवाई

हजारीबाग में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने शुक्रवार को एक पंचायत सचिव को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी पंचायत सचिव दीपक दास करगालो एवं अचलजामों पंचायत में कार्यरत था। उसने अबुआ आवास योजना की लाभार्थी चमेली देवी से तीसरी किस्त जारी करने के लिए 11 हजार रुपए की रिश्वत की मांग की थी। मामले के अनुसार, विष्णुगढ़ थाना क्षेत्र के करगालो गांव की निवासी चमेली देवी को अबुआ आवास योजना के तहत मकान स्वीकृत हुआ था। उन्हें योजना की दो किस्तों में 80,000 रुपए मिल चुके थे और वह मकान का निर्माण कार्य भी शुरू कर चुकी थीं। जब वह तीसरी किस्त के लिए पंचायत सचिव दीपक दास से मिलीं, तो उन्होंने 11 हजार रुपए की रिश्वत की मांग की और कहा कि इसके बिना तीसरी किस्त जारी नहीं की जाएगी। आरोपी हजारीबाग का है रहने वाला पीड़िता ने इस संबंध में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, हजारीबाग में शिकायत दर्ज कराई। जांच में आरोप सही पाए जाने पर 16 जनवरी को मामला दर्ज किया गया। अगले दिन शुक्रवार को ब्यूरो की टीम ने दंडाधिकारी और सरकारी गवाह की उपस्थिति में जाल बिछाया और आरोपी पंचायत सचिव दीपक दास को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। आरोपी मूल रूप से हजारीबाग जिले के चलकुशा थाना क्षेत्र के नरना गांव का रहने वाला है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *