कपूरथला के सुल्तानपुर लोधी में बलकार सिंह चीमा की याद में आयोजित होने वाले ऑल इंडिया बास्केटबॉल टूर्नामेंट में देशभर से आएंगी टीमें। गांव दबुलिया में 28 फरवरी से 4 मार्च तक चलने वाले इस टूर्नामेंट में पुरुष और महिला वर्ग की 8-8 टीमें हिस्सा लेंगी। AAP हल्का इंचार्ज और अर्जुन अवार्डी सज्जन सिंह चीमा ने बताया कि विजेता टीम को 2 लाख रुपए, उपविजेता को 1.5 लाख रुपए और तीसरे स्थान की टीम को 1 लाख रुपए का पुरस्कार दिया जाएगा। टूर्नामेंट के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी को बुलेट बाइक भेंट की जाएगी। साथ ही प्रत्येक मैच में बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को भी विशेष पुरस्कार दिए जाएंगे। सज्जन सिंह ने कहा कि यह आयोजन युवाओं को खेलों की ओर प्रेरित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने पंजाब सरकार की पहल ‘खेडां वतन पंजाब दीया’ का जिक्र करते हुए कहा कि यह कार्यक्रम युवाओं को नशे से दूर रखने में सफल रहा है। उन्होंने खेल क्लबों, खेल प्रेमियों और सामाजिक संस्थाओं से नशा मुक्ति अभियान में सहयोग की अपील की है।


