लुधियाना के खन्ना में DGP के नाम से की सिफारिश देने के बाद भी ट्रैफिक पुलिस ने काली फिल्म और जालियां लगी स्कॉर्पियो का चालान काट दिया। ड्राइवर ने पुलिस से कहा कि यह गाड़ी साहब के काफिले के साथ चलती है। इसलिए काली फिल्म और जालियां लगाई हैं। ललहेड़ी रोड चौक में तैनात एएसआई लखवीर सिंह ने बताया कि स्कॉर्पियो को रोकने का इशारा किया, तो ड्राइवर ने गाड़ी आगे बढ़ा दी। पुलिस ने 50 मीटर तक पीछा करके डाकघर के सामने स्कॉर्पियो को रोक लिया। जब कागजात मांगे गए तो ड्राइवर ने कोई दस्तावेज नहीं दिखाए और DGP के नाम से दबाव बनाने की कोशिश की। थाने ले जाने की चेतावनी देने पर भरा जुर्माना ड्राइवर ने दावा किया कि उसकी गाड़ी डीजीपी के काफिले के साथ चलती है, इसलिए उसने काली फिल्म और जालियां लगा रखी हैं। उसने किसी व्यक्ति से फोन पर पुलिस की बात भी कराई, लेकिन ट्रैफिक पुलिस ने नियमों की अनदेखी नहीं की। मौके पर पहुंचे ट्रैफिक पुलिस प्रभारी इंस्पेक्टर कुलजीत सिंह ने जब गाड़ी को थाने ले जाने की चेतावनी दी, तो ड्राइवर ने ई-चालान के तहत जुर्माना भर दिया।


