शिवपुरी जिले के रन्नौद थाना क्षेत्र के ग्राम बामोरकलां में एक पारिवारिक विवाद हिंसक हो गया। घर से लड़की के भागने के बाद उपजे इस विवाद में एक महिला ने अपने ससुराल पक्ष पर मारपीट, जान से मारने की धमकी और घर में आग लगाने के प्रयास का आरोप लगाया है। पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई है। पीड़िता रेखा कुशवाह पत्नी जितेंद्र कुशवाह के अनुसार, उसकी जानकारी के बिना एक रिश्तेदार युवक ने उसके चचिया ससुर की बेटी को भगा लिया था। इस घटना के बाद ससुराल पक्ष ने पूरे मामले का दोष रेखा और उसके पति पर मढ़ दिया। इसी बात को लेकर 29 दिसंबर की शाम आरोपियों ने रेखा के साथ मारपीट की और उसके 8 वर्षीय बेटे को जान से मारने की धमकी दी। महिला का आरोप है कि जब वह शिकायत लेकर रन्नौद थाना पहुंची, तो उसकी रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई। इसके बाद 31 दिसंबर की सुबह आरोपी दोबारा उसके घर पहुंचे। उन्होंने घरेलू सामान की तोड़फोड़ की, रेखा की सास और बच्चे के साथ मारपीट की, और घर में आग लगाने का भी प्रयास किया। हालात बेकाबू होते देख रेखा और उसके पति जान बचाकर जंगल के रास्ते गांव से निकल गए और सीधे एसपी कार्यालय पहुंचे। पीड़िता ने अपने आवेदन में बताया है कि आरोपियों से उसके पूरे परिवार की जान को खतरा है। उसने पुलिस प्रशासन से आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और परिवार को सुरक्षा मुहैया कराने की मांग की है।


