धौलपुर की साइबर थाना पुलिस ने साइबर ठगी के मास्टरमाइंड और 10 हजार रुपए के इनामी होमगार्ड अमन तोमर को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने एक बुजुर्ग ओमप्रकाश मित्तल को अमेरिका में रहने वाले उनके दोहिते का नाम लेकर 6 लाख 70 हजार रुपए की ठगी की। आरोपी ने खुद को वीजा एजेंट बताकर अपनी मां की बीमारी, अस्पताल में इलाज और मृत्यु के बाद शव न देने जैसी झूठी कहानियां बनाकर पैसे ठगने की वारदात को अंजाम दिया। सीओ सिटी मुनेश मीना ने बताया कि पुलिस ने इस मामले में पूर्व में पांच अन्य आरोपी रामू, अंकित, संतोष, राजकुमार और देवराज परमार को भी गिरफ्तार कर चुकी है। ये सभी खाताधारक और खाता प्रोवाइडर के रूप में काम करते थे। देवराज परमार साइबर ठगी गैंग का सक्रिय सदस्य था। सीओ धौलपुर मुनेश कुमार मीणा ने बताया कि मुख्य आरोपी अमन तोमर महाराणा प्रताप नगर गौशाला थाना निहालगंज धौलपुर का रहने वाला है। उसने अब तक करोड़ों रुपए की ठगी की है और ज्यादातर दूसरे राज्यों के लोगों को अपना निशाना बनाता था। पुलिस ने आरोपी को तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है और गैंग के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है।


