नए साल के जश्न को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से मनाने के लिए दुर्ग पुलिस ने जिलेभर में कड़े सुरक्षा इंतजाम किए हैं। 31 दिसंबर की रात को लेकर पुलिस पूरी तरह हाई अलर्ट पर रहेगी। जिले के हर प्रमुख चौराहे, बाजार, होटल, रिसॉर्ट और भीड़भाड़ वाले इलाकों में पुलिस बल की तैनाती की गई है। एसएसपी विजय अग्रवाल ने बुधवार शाम पुलिस लाइन से पेट्रोलिंग टीमों को रवाना किया और अधिकारियों-कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि कानून व्यवस्था में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पुलिस विभाग ने नए साल की रात के लिए 600 से अधिक पुलिस अधिकारी और जवान तैनात किए हैं। जिले में कुल 72 बीट लगाई गई हैं, ताकि हर क्षेत्र पर बारीकी से नजर रखी जा सके। इसके साथ ही महिलाओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए 3 विशेष महिला पेट्रोलिंग टीमों को भी मैदान में उतारा गया है। रक्षा टीम को भी स्पेशल ड्यूटी पर लगाया गया है, जो संवेदनशील इलाकों में निगरानी रखेगी। डीजे बजाने और होटल को लेकर नियमों का कड़ाई से पालन
एसएसपी विजय अग्रवाल ने बताया कि कोलाहल अधिनियम के तहत तेज आवाज में डीजे बजाने, नियमों का उल्लंघन करने और रात में अनावश्यक शोर-शराबा करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा स्टंटबाजों, तेज रफ्तार से वाहन चलाने वालों और शराब पीकर गाड़ी चलाने वालों पर विशेष नजर रहेगी। ऐसे लोगों के खिलाफ मौके पर ही चालानी कार्रवाई के साथ-साथ वाहन जब्ती की कार्रवाई भी की जा सकती है। सभी थानों के टीआई और स्टाफ रहे मौजूद
31 दिसंबर की रात जिले के सभी थाना क्षेत्रों में थाना प्रभारी (टीआई) अपने स्टाफ के साथ मौजूद रहेंगे। वरिष्ठ अधिकारी लगातार पेट्रोलिंग और फील्ड विजिट कर हालात की निगरानी करेंगे। पुलिस कंट्रोल रूम से भी पूरी रात गतिविधियों पर नजर रखी जाएगी और किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। शांतिपूर्ण तरीके से सेलिब्रेट करने के निर्देश
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे नए साल का जश्न कानून के दायरे में रहकर मनाएं, अफवाहों से बचें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। दुर्ग जिले में नए साल की रात सुरक्षा को लेकर पुलिस पूरी तरह मुस्तैद नजर आएगी। पुलिस की टीम कड़ाई के साथ फिल्ड पर मौजूद रहेगी। शांति व्यवस्था बनाने एसएसपी ने सभी को निर्देशित किया है।


