गौ तस्करी का फरार आरोपी गिरफ्तार:जशपुर पुलिस ने झारखंड के गुमला से गिरफ्तार किया

जशपुर पुलिस ने गौ तस्करी के एक मामले में लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी मोहम्मद फिरोज खान को झारखंड के गुमला जिले से गिरफ्तार किया है। आरोपी को हिरासत में लेकर जशपुर लाया गया, जहां कानूनी कार्रवाई के बाद उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। यह मामला जून 2025 में चौकी पंडरापाठ क्षेत्र में सामने आया था। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 18 जून 2025 को चौकी पंडरापाठ पुलिस को सूचना मिली थी कि ग्राम देवडांड के लमडांड जंगल के पास सड़क किनारे एक पिकअप वाहन (JH-13G-7780) दुर्घटनाग्रस्त होकर पलटा हुआ है। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने देखा कि वाहन में 9 गौ वंशों को क्रूरतापूर्वक पैरों में रस्सी बांधकर ठूंस-ठूंस कर भरा गया था। दुर्घटना के बाद ड्राइवर मौके से फरार हो गया था। पुलिस ने 9 गौ वंशों को बरामद किया पुलिस ने सभी 9 गौ वंशों को बरामद किया, जिनमें से एक गौ वंश की मौके पर ही मौत हो गई थी। शेष 8 गौ वंशों को उपचार के लिए पशु चिकित्सक के पास भेजा गया, लेकिन इलाज के दौरान 4 अन्य गौ वंशों की भी मौत हो गई। पुलिस ने सभी मृत गौ वंशों का दाह संस्कार कराया। साथ ही, तस्करी में इस्तेमाल पिकअप वाहन को भी मौके से जब्त कर लिया गया। मामले में चौकी पंडरापाठ में आरोपी के विरुद्ध छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम की धारा 4, 6, 10 तथा बीएनएस की धारा 325 के तहत अपराध दर्ज कर जांच प्रारंभ की गई। जांच के दौरान जब्त पिकअप वाहन के पंजीयन नंबर को ट्रेस करते हुए पुलिस आरोपी तक पहुंची, जिसकी पहचान वाहन मालिक मोहम्मद फिरोज खान (उम्र 30 वर्ष), निवासी आजाद बस्ती, थाना गुमला, जिला गुमला (झारखंड) के रूप में हुई। घटना के बाद से ही आरोपी फरार था। पुलिस टीम ने आरोपी को गिरफ्तार किया पुलिस ने एक विशेष टीम बनाकर फरार आरोपी मोहम्मद फिरोज खान को गिरफ्तार किया। मुखबिर की सूचना और तकनीकी सबूतों के आधार पर पता चला कि आरोपी झारखंड के गुमला जिले में छिपा हुआ है। पुलिस की टीम वहां गई और आजाद बस्ती में उसके घर की घेराबंदी करके उसे हिरासत में लेकर जशपुर वापस लाया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने बतौली क्षेत्र से गायें खरीदी थी और पिकअप वाहन में उन्हें गुमला ले जा रहा था। तेज रफ्तार के कारण वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया था और पुलिस आते ही वह वहां से भाग गया था। अपराध स्वीकार करने और पर्याप्त सबूत मिलने के बाद उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। जशपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने बताया कि पंडरापाठ क्षेत्र में दर्ज गौ तस्करी के मामले में फरार आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि गाय तस्करी में शामिल किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा और ऐसे मामलों में फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए ऑपरेशन अंकुश लगातार जारी रहेगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *