नववर्ष को लेकर जशपुर पुलिस अलर्ट:नियम तोड़े तो होगी सख्त कार्रवाई, 300 पुलिसकर्मी तैनात

नववर्ष 2026 के स्वागत को लेकर जशपुर पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गई है। 31 दिसंबर की रात जिले को अपराध मुक्त और शांतिपूर्ण बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस द्वारा व्यापक सुरक्षा और निगरानी योजना तैयार की गई है। शहर से लेकर ग्रामीण अंचलों तक पुलिस की पैनी नजर रहेगी। शांतिपूर्ण नववर्ष सुनिश्चित करने के लिए जिले में करीब 300 पुलिस कर्मियों और 50 से अधिक होमगार्ड जवानों की तैनाती की गई है। शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार पेट्रोलिंग की जाएगी, वहीं इंटरसेप्टर वाहन, स्पीड रडार और अन्य तकनीकी संसाधनों के जरिए ट्रैफिक और भीड़ पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी। हुड़दंग या कानून उल्लंघन पर होगी तुरंत कार्रवाई पुलिस 31 दिसंबर की शाम से 1 जनवरी की शाम तक जिले के सभी दर्शनीय व पिकनिक स्थल, होटल, ढाबा, रिसॉर्ट और पार्टी स्थलों पर विशेष सतर्कता बरतेगी। किसी भी प्रकार की अव्यवस्था, हुड़दंग या कानून उल्लंघन पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी। डीजे बजाने पर सख्त नियम डीजे संचालन को लेकर भी सख्त निर्देश जारी किए गए हैं। निर्धारित समय और निर्धारित डेसीबल सीमा में ही डीजे बजाने की अनुमति होगी। नियमों का उल्लंघन करने पर डीजे जब्त कर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही धार्मिक स्थलों के आसपास विशेष निगरानी रखी जाएगी ताकि किसी भी तरह की शांति भंग न हो। नशे में वाहन चलाने वालों की होगी जांच नशे में वाहन चलाने वालों के खिलाफ ब्रेथ एनालाइजर से जांच की जाएगी। शराब पीकर ड्राइविंग, तेज रफ्तार, हुड़दंग, साइलेंट जोन में शोर मचाने जैसी गतिविधियों पर बीएनएस (भारतीय न्याय संहिता) और मोटर व्हीकल एक्ट के तहत सख्त दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। एसएसपी जशपुर शशि मोहन सिंह ने जिलेवासियों से अपील करते हुए कहा कि नया साल खुशियों का है, हुड़दंग का नहीं। पुलिस पूरी तरह अलर्ट है, कैमरे एक्टिव हैं। नियमों का पालन करें, सुरक्षित रहें और नववर्ष 2026 को यादगार बनाएं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *