प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी 19 जनवरी को बड़वानी जिले का दौरा करेंगे। इस दौरान वे जिले की चारों विधानसभा क्षेत्रों के कार्यकर्ताओं से मुलाकात करेंगे। उनके इस कार्यक्रम को लेकर शुक्रवार शाम पूर्व गृहमंत्री बाला बच्चन और जिला कांग्रेस अध्यक्ष नानेश चौधरी ने नवलपुरा स्थित यादव धर्मशाला का निरीक्षण किया। जिला कांग्रेस अध्यक्ष नानेश चौधरी के अनुसार, पटवारी का दौरा दोपहर 3:30 बजे बड़वानी से शुरू होगा। इसके बाद शाम 6 बजे सेंधवा और पानसेमल के कार्यकर्ताओं से मुलाकात करेंगे। शाम 7 बजे जुलवानिया में राजपुर विधानसभा के कार्यकर्ताओं से मिलेंगे। इन बैठकों का मुख्य एजेंडा 27 जनवरी को महू में होने वाले कांग्रेस के प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम की तैयारियां हैं। पूर्व गृहमंत्री बाला बच्चन ने बताया कि महू का कार्यक्रम केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के डॉ. अंबेडकर पर दिए गए बयान के विरोध में आयोजित ‘संविधान बचाओ यात्रा’ का हिस्सा है। इस कार्यक्रम में कांग्रेस की पूरी कार्यसमिति, कांग्रेस शासित राज्यों के मुख्यमंत्री, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे सहित वरिष्ठ नेता शामिल होंगे। बैठक स्थल के निरीक्षण के दौरान करण दरबार, विष्णु बनडे, सचिन यादव, अरूण यादव, विशाल यादव, पीयू गोथरे और दीपक गेहलोद सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद थे।


