बड़वानी जिले की उबादगढ़ ग्राम पंचायत में 15वें वित्त आयोग की राशि से बन रही 8.98 लाख रुपए की पुलिया में बड़ी गड़बड़ी सामने आई है। सरपंच और सचिव की मिलीभगत से ठेकेदार ने पुलिया में बोल्डर और पत्थर भरकर काम निपटा दिया, जबकि इसमें सीमेंट-कंक्रीट का उपयोग होना था। उपसरपंच ने की थी शिकायत इस मामले में उपसरपंच लाल सिंह अलावे ने जिला पंचायत अध्यक्ष से लिखित शिकायत की। जिला पंचायत अध्यक्ष बलवंत सिंह पटेल ने तुरंत कार्रवाई करते हुए जिला पंचायत सीईओ को पत्र लिखा। जांच में घटिया निर्माण की पुष्टि होने पर सीईओ के निर्देश पर जेसीबी से पुलिया को तोड़ दिया गया। सीईओ बोले- अब फिर से बनाएंगे पुलिया जनपद पंचायत पाटी के सीईओ नीलेश नाग ने बताया कि निर्माण में गुणवत्ता की कमी पाए जाने पर तत्काल कार्रवाई की गई। अब नई पुलिया का निर्माण गुणवत्ता मानकों के अनुसार कराया जाएगा। साथ ही दोषियों पर विभागीय कार्रवाई कर राशि की वसूली भी की जाएगी। जनपद पंचायत पाटी के अध्यक्ष ने भी इस मामले में दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। उपसरपंच ग्राम पंचायत उबादगढ़ लाल सिंह अलावे ने बताया कि उबादगढ़ पंचायत में पुलिया निर्माण कार्य में घटिया सामग्री का उपयोग किया गया। इसके फोटो भी खींचे गए हैं। इसकी लिखित शिकायत जिला पंचायत अध्यक्ष से की थी। इसके बाद पुलिया तोड़ने की कार्रवाई की गई। जनपद पंचायत पाटी अध्यक्ष थान सिंह सस्ते ने कहा कि निमार्णाधीन पुलिया का मंगलवार को निरीक्षण किया था। उस दौरान भी सीमेंट कंक्रीट की जगह पत्थर डालकर निर्माण कार्य किया जा रहा था, जो कि भारी अनियमितता है। पंचायत ने लापरवाही बरती है।


